सिलीगुड़ी. तृणमूल के दार्जिलिंग जिलाध्यक्ष व राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव ने मिरिक नगरपालिका पर तृणमूल की जीत को एतिहासिक बताया है. उन्होंने पहाड़ पर नगरपालिका चुनाव पर अपना संतोष प्रकट किया है और कहा है कि इस बार चुनाव में तृणमूल ने शानदार सफलता हासिल की. चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद वह संवाददाताओं को अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थ. श्री देव ने कहा कि पहाड़ पर चार नगरपालिका में से एक मिरिक पर पार्टी ने कब्जा कर लिया है.
कर्सियांग में तीन सीटों पर पार्टी की जीत हुयी है. कालिम्पोंग में दो और दार्जिलिंग में एक सीट पर जीत हुयी है. पहली बार पहाड़ से बाहर की किसी पार्टी ने यहां तीन दशक बाद ऐसा प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी सफलता यही है कि इस बार पहाड़ पर निष्पक्ष मतदान हुआ है. राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहाड़ को काफी चाहती हैं और तभी बार-बार पहाड़ दौरे पर आती हैं.
तृणमूल सरकार के विकास को देखकर पहाड़ की जनता भी काफी प्रभावित हुयी है और तभी तृणमूल ने पहाड़ पर पैर जमाया है. पहाड़ की चारो नगरपालिका में तृणमूल को उम्मीद से अधिक वोट मिले हैं. दूसरी तरफ विकास के नाम पर बांटो और राज करो की नीति का आरोप लगाते हुए सिलीगुड़ी जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विकास को लॉलीपॉप बताया है. उन्होंने कहा कि जनता ने अब सिर्फ विकास के नाम पर समर्थन देने का मन बना लिया है. जाति, धर्म, भाषा आदि के नाम पर चुनाव कराना अब पुरानी बात है. यहां तक कि अल्पसंख्यक मतदाता भी इस बात को समझ चुके हैं.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है. अलग-अलग जाति विकास बोर्ड बनाकर राजनीतिक फायदा पाने की आस पर पहाड़ की जनता ने पानी फेर दिया. तृणमूल सरकार के कार्यकाल में राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो गयी है. सबका साथ, सबका विकास की नीति के तहत देश के प्रत्येक कोने में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है.
