विधायक ने मुहैया करायी जमीन, चुचुड़ा थाना के आइसी ने लगाया कैंप
हुगली : जिले में अपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए एक नया थाना बनने जा रहा है. जिला पुलिस अधीक्षक सुकेश जैन की पहल पर ऐसा हो रहा है. चुचुड़ा थाना के अधीनस्थ चार ग्राम पंचायत इलाके को लेकर यह थाना बनेगा. इनमें देवानंदपुर, कोदालिया-एक और कोदालिया -दो और बंडेल स्टेशन एरिया शामिल है. यह क्षेत्र अपराधिक घटनाओं के लिये हमेशा सुर्खियों में रहता है.
जीटी रोड के पश्चिमी हिस्सा में अपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं. चुचुड़ा विधायक असीत मजुमदार, कृषि विपणन मंत्री तपन दासगुप्ता ने कई बार पुलिस अधीक्षक से यहां नया थाना बनाने के अपील की थी. एसपी ने इसके लिए जगह मुहैया कराने को कहा था. विधायक ने रवींद्र नगर में एक जगह मुहैया करायी है. यहां निचले हिस्से में थाना और ऊपरी हिस्सा में आइसीडीएस केन्द्र बनेगा. रविवार को एसपी के निर्देश पर चुचुडा थाना के आइसी सोमनाथ दत्त ने यहां कैंप लगा दिया है. इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है.
