सिलीगुड़ी. जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की 2616वीं जयंती नौ अप्रैल यानी रविवार को पूरे देश के साथ ही सिलीगुड़ी में भी धूमधाम के साथ मनाया जायेगा. यह जानकारी शुक्रवार को भगवान महावीर जयंती समारोह समिति सिलीगुड़ी इकाई के बैनर तले स्थानीय एसएफ रोड से सटे तेरापंथ भवन के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस-वार्ता के दौरान आचार्य महाश्रमणजी की विदुषी शिष्या समणी संघप्रज्ञाजी ने मीडिया को दी.
उन्होंने बताया कि भगवान महावीर ने मानव को अपने कल्याण के लिए तीन सिद्धांतों ‘अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांत’ को अपने जीवन में अमल करने का पैगाम दिया. उन्होंने बताया कि महावीरजी के इन्हीं सद्विचारों को प्रभात फेरी के मारफत पैगाम फैलाया जायेगा. साथ ही प्रभात फेरी में शामिल सभी अनुयायी महावीरजी के इन सद्विचारों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प भी लेंगे. प्रेस वार्ता के दौरान मुकुल प्रज्ञाजी भी मौजूद थी. भगवान महावीर जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष मदन जैन मालू ने बताया कि रविवार की सुबह 7.30 बजे भवन कैंपस में ही झण्डोत्तोलन किया जायेगा. आठ बजे पालकी सजेगी.
8.15 बजे भवन के सामने से अलौकिक सजीव झांकियों के साथ प्रभात फेरी निकलेगी. प्रभात फेरी पूरे शहर की परिक्रमा करके वापस भवन में पहुंचकर धर्मसभा और सेवा मूलक कार्यक्रमों में तब्दील हो जायेगी. समिति के मंत्री सुरेंद्र घोड़ावत ने बताया कि मुख्य समारोह भवन कैंपस में ही आयोजित किया जायेगा. इस समारोह में बतौर अतिथि के रूप में सिलीगुड़ी के विधायक सह मेयर अशोक भट्टाचार्य, भारतीय वन सेवा के उत्तर बंगाल इकाई के मुख्य वनपाल एमआर बलोच, दार्जिलिंग पब्लिक स्कूल के निदेशक विजय साह व वरिष्ठ समाजसेवी गंगाधर नकीपुरिया मौजूद रहेंगे.
समिति के कार्यक्रम संयोजक विजयराज व श्रीकांत बैद ने बताया कि सुबह 9.30 बजे से भवन के निचले तल्ले के सभाकक्ष में तराई लायंस ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जायेगा. स्वागत समिति के प्रमुख लाभचंद सुराणा ने बताया कि भगवान महावीर जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए समारोह समिति के अलावा तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल व अन्य सभी सहयोगी संस्थाओं के कार्यकर्ता बीते कई रोज से ही जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं. प्रेस-वार्ता के दौरान महिला मंडल की मंत्री मनिषा सुराणा, समारोह समिति के उपाध्यक्ष महेंद्र डागा, विजय भंसाली, राजेंद्र मालू, मुकेश वैद, गौतम डागा व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
