बालूरघाट. बैंक की लापरवाही के चलते 441 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को फरवरी महीने की पेंशन अब तक नहीं मिल पायी है. एसबीआइ की बालूरघाट शाखा से पेंशन पानेवाले ये कर्मचारी समय पर पैसे नहीं मिलने से परेशान हैं.
बैंक अधिकारियों ने इस संबंध में अपनी गलती कबूल कर ली है और जल्द ही भुगतान हो जाने का आश्वासन दिया है. जानकारी मिली है कि एसबीआइ की बालूरघाट शाखा से केंद्र व राज्य सरकार से सेवानिवृत्त करीब पांच हजार कर्मचारियों को पेंशन मिलती है.
आम तौर पर महीने की पहली या दूसरी तारीख को पेंशनभोगियों के खाते में पैसे आ जाते हैं. लेकिन मार्च महीने में चार तारीख निकल जाने के बाद भी राज्य सरकार के 441 सेवानिवृत्त कर्मचारियों के खाते में पेंशन के पैसे नहीं आये हैं. हर साल नवंबर महीने में पेंशनभोगियों को लाइफ सर्टिफिकेट बैंक में जमा करना होता है. ये सर्टिफिकेट जिला ट्रेजरी को भेजे जाते हैं. लेकिन गलती से 441 लोगों के सर्टिफिकेट की फाइल बैंक में ही रह गयी. सर्टिफिकेट नहीं मिलने पर ट्रेजरी ने उक्त पेंशनभोगियों के खाते में पैसा नहीं भेजा. बैंक अधिकारियों से इस बारे में पूछे जाने पर बताया गया कि सभी को एक सप्ताह के अंदर पैसा मिल जायेगा. जिन लोगों के सर्टिफिकेट छूट गये थे, उन्हें ट्रेजरी को भेज दिया गया है. आगामी गुरुवार या शुक्रवार तक सबके खाते में पेंशन जमा हो जायेगी.
