तृकां नेता, कार्यकर्ताओं को गौतम देव की चेतावनी
सिलीगुड़ी. तणमूल कांग्रेस (तृकां) नेता, कार्यकर्ताओं को पर्यटन मंत्री सह तृकां के दार्जिलिंग जिला अध्यक्ष गौतम देव ने चेतावनी देते हुए कहा है कि गुटबाजी कतयी बरदाश्त नहीं की जा सकती. इन दिनों कई मामलों में पार्टी की अंदरूनी कलह मीडिया की सुर्खियां बनी है, जिससे पार्टी की काफी बदनामी हुई है. पार्टी की बदनामी […]
सिलीगुड़ी. तणमूल कांग्रेस (तृकां) नेता, कार्यकर्ताओं को पर्यटन मंत्री सह तृकां के दार्जिलिंग जिला अध्यक्ष गौतम देव ने चेतावनी देते हुए कहा है कि गुटबाजी कतयी बरदाश्त नहीं की जा सकती. इन दिनों कई मामलों में पार्टी की अंदरूनी कलह मीडिया की सुर्खियां बनी है, जिससे पार्टी की काफी बदनामी हुई है.
पार्टी की बदनामी सहन नहीं करेंगे. भू-माफियागिरी, जबरन दखल, मवेशी तस्करी, अवैध तरीके से रूपये उगाही जैसे मामलों में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम सामने आने एवं ऐसे मामलों में आपस में ही लड़ने-झगड़ने की वजह से पार्टी की छवि काफी खराब हुई है. सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र के चार ब्लॉक बागडोगरा, माटीगाड़ा, नक्सलबाड़ी व खोरीबाड़ी के पार्टी कार्यकर्ताओं की एक मीटिंग में श्री देव ने अपने दल के नेता, कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए और आदर्श का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि मां-माटी-मानुष की तृकां नीति-सिद्धांतों पर चलनेवाली एकमात्र पार्टी है. पार्टी की स्वच्छ छवि खराब करनेवालों की पार्टी में कोई जगह नहीं है.
उन्होंने सबों को अभी से ही सतर्क होने की चेतावनी दी. अन्यथा पार्टी विरोधी कार्य करनेवालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाइ के लिए मजबूर होना पड़ेगा. इस मीटिंग के दौरान उन्होंने खासकर माटीगाड़ा ब्लॉक के अध्यक्ष अर्धेंदु विश्वास व खोरीबाड़ी ब्लॉक के अध्यक्ष हीरन्मय राय को चेतावनी देते हुए पार्टी के लिए काम करने की नसीहत दी. श्री देव ने से पार्टी के लिए एकजुट होकर काम करने एवं पार्टी को और शक्तिशाली बनाने की गुजारिश की.
आठ मार्च को सिलीगुड़ी में शक्ति प्रदर्शन: मीटिंग के दौरान ही गौतम देव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि आठ मार्च को तृकां सिलीगुड़ी में शक्ति प्रदर्शन करेगी. इसके तहत सिलीगुड़ी महकमा परिषद पर हल्ला बोल किया जायेगा. उस दिन 10 हजार से भी अधिक पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को साथ लेकर एयरव्यू मोड़ से विशाल रैली निकाली जायेगी और महकमा परिषद चलो अभियान को कामयाब बनाया जायेगा. श्री देव ने अभियान को कामयाब बनाने के लिए सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र के सभी ब्लॉक के पार्टी अध्यक्षों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल करने का निर्देश दिया.