सिलीगुड़ी. दार्जिलिंग जिले में सरकारी दर पर धान की खरीद शीघ्र की जायेगी.धान क्रय केंद्र तक लाने में किसानो को कोइ परेशानी नहीं हो इसके सिलीगुड़ी महकमा में विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाये जायेंगे. यह जानकारी राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने दी. वह सिलीगुड़ी के विवेकानंद भवन में धान खरीद को लेकर आयोजित उच्चस्तीय बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे. इस बैठक में महकमा के विभिन्न चावल मिल मालिकों को भी बुलाया गया था.
श्री मल्लिक ने कहा कि सिलीगुड़ी महकमा में कुल 47 स्थानों पर धान की खरीद के लिए स्पेशल कैंप लगाया जायेगा. पहले किसानो को धान बेचने के लिए दूर जाना पड़ता था. इससे किसान भाड़ा आदि अधिक लगने के डर से दूर धान बेचने नहीं जाना चाहते थे. अब यह समस्या नहीं रहेगी. उनके घर के निकट ही कैंप लगाया जायेगा.
इतना ही नहीं इस कैंप की जानकारी किसानो को मिल सके,इसके लिए माइकिंग कराने के लिए भी कहा गया है. सभी बीडीओ को ग्राम पंचायतों के साथ मिलकर माइकिंग करने के लिए कहा गया है और इसपर आने वाले खर्च का भुगतान राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से किया जायेगा.उन्होंने यह भी कहा कि मिल मालिकों को धान खरीदने में सहयोग लिया जायेगा. मिल मालिक भी उसी कैंप से धान संग्रह कर अपने मिल लायेंगे. ढुलाइ का खर्च राज्य सरकार देगी. एक प्रश्न के उत्तर में श्री मल्लिक ने कहा कि किसानों को भुगतान करने की समस्या का सामाधान कर लिया गया है. धान खरीद के मूल्य सीधा किसानों के बैंक खाते में जमा करा दिया जायेगा. पहले बैंक खातों को लेकर भी थोड़ी समस्या थी. पहले किसान नॉन ऑपरेटिव खाते की जानकारी देते थे. इसके अलावा कइ किसानों ने जनधन खाते की जानकारी दी थी. जनधन खाते में 50 हजार रूपये से अधिक जमा नहीं हो सकते. इस कारण भी परेशानी हो रही थी. अब यह समस्या दूर कर दी गयी है.
राशन कार्ड देने का काम जारी
श्री मल्लिक ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि इन दिनो डिजिटल राशन कार्ड देने का काम भी जारी है. खाद्य विभाग में काफी राशन कार्ड पड़ा हुआ है लेकिन लोग लेने नहीं आ रहे हैं. इन राशन कार्डों को भी बांटने के लिए शीघ्र ही अभियान की शुरूआत की जायेगी.
