उत्तर बंगाल डेंटल कॉलेज: तृंका नेताओं की सिफारिश पर 10 सगे- संबंधियों को मिली नौकरी
सिलीगुड़ी: उत्तर बंगार डेंटल कॉलेज में नियुक्ति प्रक्रिया में तृणमूल कांग्रेस (तृकां) की धांधली का मामला और गरमाता जा रहा है. तृकां के नेताओं की सिफारिश पर कुल 23 रिक्त पदों में से 10 सगे-संबंधियों और कार्यकर्ताओं की नौकरी दिये जाने के विरुद्ध प्रदर्शनकारी भाजपाइयों ने आंदोलन और तेज कर दिया है. भाजपा की हेल्थ […]
सिलीगुड़ी: उत्तर बंगार डेंटल कॉलेज में नियुक्ति प्रक्रिया में तृणमूल कांग्रेस (तृकां) की धांधली का मामला और गरमाता जा रहा है. तृकां के नेताओं की सिफारिश पर कुल 23 रिक्त पदों में से 10 सगे-संबंधियों और कार्यकर्ताओं की नौकरी दिये जाने के विरुद्ध प्रदर्शनकारी भाजपाइयों ने आंदोलन और तेज कर दिया है. भाजपा की हेल्थ एंड वेलफेयर सेल की उत्तर बंगाल इकाई के बैनर तले 16 फरवरी से शुरू हुआ आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा.
सेल की उत्तर बंगाल इकाई के संयोजक सह अधिवक्ता चिरंजीत साहा व सेल के सिलीगुड़ी जिला इकाई के लिटन प्रमाणिक के अगुवाई में प्रदर्शनकारी मंगलवार से डेंटल कॉलेज के सामने धरना प्रदर्शन पर बैठ गये. प्रदर्शनकारियों ने अब गुरुवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है. बुधवार को दोपहर में हुई भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी धरने पर डटे रहे.
साथ ही पूरी रात धरना पर बैठने की भी तैयारी की गयी है. धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा के सिलीगुड़ी इकाई के महासचिव अभिजीत राय चौधरी व डॉ विश्वजीत घोष ने भी मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों का हौसलाआफजाई की. साथ ही आंदोलन लगातार जारी रखने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया. वहीं, कॉलेज की सुरक्षा के मद्देनजर माटीगाड़ा थाना एवं स्पेशल ब्रांच के पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचकर पूरा जायजा लिया.
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कॉलेज के मुख्य गेट से हटकर प्रदर्शन करने को कहा. आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी भाजपाइयों ने सवाल खड़ा किया है. सेल के उत्तर बंगाल इकाई के संयोजक चिरंजीत साहा का कहना है कि आंदोलनकारियों की सुरक्षा को लेकर आज जब पुलिस से गुजारिश की गयी तो साफ इनकार कर दिया. पुलिस अधिकारियों का बयान है कि धरना प्रदर्शन के लिए अगर कॉलेज प्रबंधन की अनुमति है तभी पुलिस सुरक्षा मुहैया करा सकती है.
दूसरी ओर बुधवार को भी प्रिंसिपल डॉ सोमेन चक्रवर्ती कॉलेज से नदारद रहे. श्री साहा का कहना है कि जब-तक प्रिंसिपल नहीं आयेंगे, तब-तक भाजपा भी मोरचे पर डटी रहेगी. प्रिंसिपल साहब अपने फर्ज से कब-तक दूर भागेंगे. उन्होंने कहा कि जब-तक अवैध तरीके से हुई नियुक्ति प्रक्रिया को कॉलेज प्रबंधन तत्काल प्रभाव से रद्द नहीं कर देती और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच नहीं होती है तब-तक भाजपाइयों का आंदोलन लगातार जारी रहेगा.आखिर प्रिंसिपल ने तोड़ी चुप्पी, दी सफायी. उत्तर बंगाल डेंटल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ सोमेन चक्रवर्ती को आखिरकार प्रभात खबर के प्रतिनिधि को फोन पर नियुक्ति प्रक्रिया मामले में अपनी चुप्पी तोड़ी और सफायी देने के लिए बाध्य हुए. डॉ चक्रवर्ती का कहना है कि वह बीमार हैं इसलिए फिलहाल दो-तीन दिनों से छुट्टी पर हैं. पूरी तरह स्वस्थ होने पर वह वापस ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद ही इस मामले को देखेंगे. उन्होंने भाजपाइयों द्वारा लगाये गये आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मैं एक सरकारी कर्मचारी हुं मुझे तकां या सीपीएम या कांग्रेस या बीजेपी किसी से भी और किसी तरह की राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है.