सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी की पांच नंबर वार्ड कमिटी पर वार्ड के ही निवासियों के घरों में तोड़-फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है. बताया गया कि तृणमूल कांग्रेस की वार्ड कमिटी ने वार्ड उत्सव की आड़ में तांडव मचाया. आरोप है कि दो रोज पहले वार्ड उत्सव के समापन समारोह के तहत रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था.
नशे में धुत कुछ असामाजिक तत्वों ने कार्यक्रम में खलल डालने की कोशिश की. वार्ड कमिटी और तृकां समर्थकों ने इसका विरोध किया. मौके की नजाकत को देखते हुए असामाजिक तत्व मौके से फरार हो गये. वार्ड के राजीव नगर के निवासियों ने वार्ड कमिटी और तृकां समर्थकों पर आरोप लगाया है कि बाद में उसी घटना का बदला लेने के लिए कमिटी के लोग बांस, डंडों व भुजाली आदि से लैस होकर आये और उनके घरों पर हमला किया. रात को 9.30 से 10 बजे के बीच उनके टीन के घरों को तहस-नहस कर दिया गया. इसका विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गयी.
इस घटना में सीता देवी, रामू दास, विशु दास, रामदेव सोनार, छबीला दास, शंकर दास व कई अन्य लोगों के टीन के घर क्षतिग्रस्त कर दिये गये हैं. छबीला दास का कहना है कि वार्ड उत्सव के कार्यक्रम में हुई गड़बड़ी से हम लोगों का कोई लेना-देना नहीं है. क्षतिग्रस्त हुए सात-आठ घरों का कोई सदस्य न तो कार्यक्रम में शामिल था और न ही उस वक्त पुरुष सदस्य अपने काम से घर लौटे थे. रामू दास का कहना है कि जब इस घटना की जानकारी देने हमलोग समारोह स्थल पर मौजूद फारवर्ड ब्लॉक से पाला बदलकर तृकां में शामिल हुईं वार्ड पार्षद दुर्गा सिंह के पास पहुंचे, तो वार्ड कमिटी सदस्यों व तृकां के समर्थकों ने जाने नहीं दिया. वार्ड कमिटी के एक प्रमुख सदस्य गोपाल चौधरी ने उल्टा माइक पर ही पीट-पीटकर जान से मारने की धमकी दी. मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने भी उन लोगों की एक न सुनी. पुलिस ने भी उल्टा जेल में बंद करने की धमकी देकर भगा दिया.
पीड़ित परिवारों का कहना है कि वार्ड कमिटी व तृकां के समर्थकों की ज्यादतियों की वजह से हम सभी दहशत भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं. हमारी मदद करना तो दूर, पीड़ा सुननेवाला भी कोई नहीं है. इस बाबत सिलीगुड़ी थाना अंतर्गत खालपाड़ा नगर चौकी (टीओपी) के सब-इंस्पेक्टर (ओसी) महेश सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन सिलीगुड़ी कंचनजंघा स्टेडियम में चल रहे आइ-लीग फुटबॉल मैच में उनकी व्यस्तता की वजह से संपर्क नहीं हो सका.
आरोपों को वार्ड पार्षद ने किया खारिज
वार्ड पार्षद दुर्गा सिंह ने राजीव नगर के पीड़ित परिवारों द्वारा लगाये गये सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वार्ड कमिटी या फिर तृकां के समर्थकों पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है. दुर्गा का कहना है कि समारोह रात 11 बजे तक पूरी तरह शांतिपूर्ण चला. वह खुद रात 10.30 बजे तक मंच पर मौजूद थीं. उन्होंने स्वीकार किया कि समारोह के समाप्त होने के बाद नशे में धुत कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर गड़बड़ी मचाने की कोशिश की गयी, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों के हस्तक्षेप से माहौल शांत हो गया. साथ ही उन्होंने राजीव नगर के कुछ घरों में वार्ड कमिटी और तृकां समर्थकों द्वारा तोड़-फोड़ के आरोपों को भी झूठा करार दिया.
