प्राथमिक शिक्षक
नियुक्ति परीक्षा
आवेदनकारियों ने हाइवे जाम कर किया प्रदर्शन
पुलिस ने बरसायी लाठियां,एक दर्जन घायल
मालदा : प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर उम्मीदवारों ने 34 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.जाम को हटाने के लिए पुलिस को लाठियां चटकानी पड़ी.सोमवार सुबह यह घटना इंगलिश बाजार थाना के रथबाड़ी इलाके में घटी है.
करीब पांच सौ अभ्यर्थियों ने जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया.सुबह 11 बजे सड़क जाम की शुरूआत हुई. खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने सड़क जाम खत्म करने के लिए कहा. इसको लेकर पुलिस के साथ आंदोलनकारियों का विवाद शुरू हो गया. बात धक्का-धक्की तक पहुंच गयी.उसके बाद पुलिस ने लाठियां बरसानी शुरू कर दी. पुलिस लाठीचार्ज में कम से कम एक दर्जन आंदोलनकारी जख्मी हुए हैं. हांलाकि पुलिस ने लाठीचार्ज की घटना से इनकार किया है. छह आंदोलनकारी को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है.दूसरी तरफ आंदोलनकारियों ने परीक्षा परिणाम घोषित होने तक आंदोलन चलाते रहने की घोषणा की है. इनलोगों ने कहा कि सोमवार को सड़क जाम किया है.
आने वाले दिनों में भी सड़क जाम करेंगे.अभ्यर्थियों का कहना है कि मालदा जिला प्राथमिक शिक्षा संसद की ओर से वर्ष 2009-10 में अधिसूचना जारी की गयी थी.तत्कालीन वाम मोरचा सरकार ने प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की थी. इसके लिए आयोजित लिखित और मौखिक परीक्षा में हजारों उम्मीदवार शामिल हुए,लेकिन परीक्षा परीणाम की घोषणा अबतक नहीं की गयी. छह साल में भी परीक्षा परिणामों की घोषणा क्यों नहीं की गयी,किसी के पास कोई जवाब नहीं है. इसबीच,अचानक सड़क जाम आंदोलन की वजह से उत्तर बंगाल का दक्षिण बंगाल के साथ संपर्क कट गया.
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी.आमलोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.जाम खत्म कराने में पुलिस को भी काफी पापड़ बेलने पड़े.आज ही मदरसा बोर्ड की भी परीक्षा थी. काफी परीक्षार्थी इस जाम में फंस गये. यहलोग देरी से अपने परीक्षा केंद्र पहुंचे.दूसरी तरफ डीएसपी दिलीप हाजरा का कहना है कि कोई लाठीचार्ज नहीं हुआ. प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हटा दिया है.
