हरफनमौला क्रिकेटर वासु डुढानी बने मैन ऑफ द टूर्नामेंट
पलक पैंथर्स को मिली फर्स्ट रनर्स अप ट्रॉफी
सिलीगुड़ी : ट्रेवलॉग सर्विसेज माहेश्वरी प्रीमियर लीग (एमपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे सीजन की ट्रॉफी पर डुढानी डायनामाइट्स (डीडी) ने कब्जा जमाया. फाइनल मैच में डीडी की टीम ने राठी रॉयल्स को निर्धारित 15 ओवरों में 62 रनों पर ही समेट दिया.
वहीं, 62 रनों का पीछा करते हुए डीडी ने मात्र चार विकेट गंवाकर ही फाइनल मैच अपने नाम कर लिया. छह विकेट से पराजित राठी रॉयल्स की टीम को रनर ट्रॉफी से संतुष्ट होना पड़ा. डीडी के कप्तान हरफनमौला वासु डुढानी को मैन ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया.
डीडी की पूरी टीम ने टूर्नामेंट के सभी मैचों में खेल का उम्दा प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया. पलक पैंथर्स की टीम को फर्स्ट रनर्स अप ट्रॉफी प्रदान की गयी. हालांकि पूरे दिन चले एमपीएल टूर्नामेंट की चारों टीमों डीडी, राठी रॉयल्स, पलक पैंथर्स और कालिम्पोंग पेरीवाल्स के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया. सुबह आठ बजे स्थानीय एसएफ रोड स्थित सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल के मैदान में एमपीएल के चौथे सीजन का रंगारंग समारोह के साथ आगाज हुआ.
उद्घाटन समारोह के साथ ही टूर्नामेंट का पहला मैच पलक पैंथर्स और राठी रॉयल्स के बीच हुआ. यह मैच एकतरफा हुआ और राठी रॉयल्स ने पलक पैंथर्स को छह विकेट से हरा दिया. मैन ऑफ द मैच का खिताब कृष्ण कांत को दिया गया. दूसरा मैच डीडी और कालिंपोंग पेरीवाल्स के बीच हुआ. यह मैच डीडी ने मात्र आठ ओवर में ही जीत ली. मैन ऑफ द मैच का खिताब अकेले 37 रन बनाने और उम्दा गेंदबाजी के लिए कप्तान वासु डुढानी को दिया गया. सेमीफाइनल मैच पलक पैंथर्स और कालिंपोंग पेरीवाल्स के बीच हुआ. पलक पैंथर्स इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में चार विकेट खोकर मात्र 53 रन ही बना सकी. वहीं, कालिंपोंग पेरीवाल्स दो विकेट गवांकर मात्र 45 रन ही बना सकी और पलक पैंथर्स आठ रनों से जीत कर फाइनल मैच के लिए जगह बनाने में कामयाब हुई. दिन भर चले टूर्नामेंट के दौरान शहर के नामी कॉमेंटेटर चंद्रकांत मोहता, अनिल अग्रवाल व दिनेश मुंधड़ा ने अपने विशेष अंदाज में कमेंट्री कर के जहां खिलाड़ियों की हौसलाआफजाई की, वहीं दर्शक दीर्घा में बैठे दर्शकों को भी खूब गुदगुदाया.
इस दौरान बतौर अतिथि टाइटल स्पोंसर ट्रेवलॉग सर्विसेज के निदेशक तरुण सारडा, डीडी के मालिक महावीर डुढानी, राठी रॉयल्स के मालिक सुनील राठी व काली प्रसाद राठी, पलक पैंथर्स के मालिक राकेश करनानी एवं कालिंपोंग पेरीवाल्स की ओर से अशोक पेरीवाल मौजूद थे.
इनके अलावा बालाजी ग्रुप के धीरज मुंधड़ा और सोमानी इंस्टिट्यूट ऑफ डीजीविजन एंड प्रोडक्संस के निदेशक राकेश सोमानी, प्रभात खबर के वरिष्ठ पत्रकार बिपिन राय, माहेश्वरी समाज के वरिष्ठ समाजसेवी प्रवीण झंवर, बनवारीलाल करनानी समेत भारी तादाद में समाज के हर उम्र के लोग मौजूद थे.
