मालदा: मालदा के पुलिस अधीक्षक के अभियान से दागी अपराधियों से लेकर छोटे-मोटे बदमाशों तक में हड़कंप है. पुलिस अधीक्षक अर्णव घोष को पद संभाले अभी चार महीने ही हुए हैं और गली-कूचों में लड़कियों से छेड़खानी से लेकर कालियाचक में बमबाजी तक की घटनाओं पर लगाम लगी है. जो कालियाचक पूरे राज्य में अपराध में अव्वल था, उसी कालियाचक में अपराधियों की धर-पकड़ होने से आम लोगों से लेकर व्यवसायियों तक के चेहरे पर हंसी है. मालदा शहर में लोग अवैध वसूली से परेशान थे. अब यह थम गयी है. अपराधियों की नींद उड़ा देने वाले इस अफसर को कोई ‘दबंग’, तो कोई ‘सिंहम’ कहता है.
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि अपराधियों के साथ कोई रियायत नहीं की जायेगी. जो अराजकता फैलाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कदम उठाये जायेंगे. उन्होंने बताया कि बदमाशों की धर-पकड़ के लिए विशेष टीम बनायी गयी है, जो जिले के विभिन्न इलाकों में अभियान चला रही है.
उल्लेखनीय है कि साल 2016 के जनवरी महीने में कुछ बदमाशों ने भीड़ के साथ हमला बोलकर कालियाचक थाना फूंक दिया था. इस घटना को लेकर मीडिया में बंगाल सरकार की जमकर खिंचाई हुई थी. इसके अलावा जिले के विभिन्न थानों में जाली नोट, गुटीय संघर्ष, हत्या, डकैती, अवैध हथियार के कारोबार, तस्करी, बलात्कार, महिलाओं से जोर-जबरदस्ती, अवैध वसूली आदि की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं. गत अगस्त महीने में मालदा के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी अर्णव घोष को दी गयी. उन्होंने बदमाशों की धर-पकड़ और अपराध उन्मूलन के लिए अभियान शुरू किया. हाइवे पेट्रोलिंग वैनों से गश्त शुरू की गयी. मालदा में राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाये गये. आम आदमी के लिए उनके पास शिकायत पहुंचाना आसान है.
एसपी अर्णव घोष के समय में ही तृणमूल से जुड़े बाहुबली बकुल शेख, असादुल्लाह विश्वास, जाकिर शेख आदि की गिरफ्तारी हुई. पुलिस सूत्रों ने बताया कि एसपी साहब कार्रवाई के समय किसी का राजनीतिक रंग नहीं देखते हैं. एक समय में बड़े नेता रहे वर्तमान तृणमूल पार्षद के पति जयंत दास को भी गिरफ्तार किया गया. विभिन्न थाना क्षेत्रों में चले अभियान में बड़ी संख्या में आग्नेयास्त्र, कारतूस, बम आदि बरामद किये गये.
तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोअज्जम हुसेन ने कहा कि पुलिस अधीक्षक की भूमिका से हमलोग खुश हैं. वह अच्छा काम कर रहे हैं. जिले में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है. वहीं कांग्रेस की जिला अध्यक्ष तथा सांसद मौसम नूर ने कहा कि अर्णव घोष के पुलिस अधीक्षक बनने के बाद कई बड़े अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है. जिले में पहले से अपराध कम हुआ है. पुलिस अधीक्षक की भूमिका से हमलोग संतुष्ट हैं.
