जलपाईगुड़ी. बीते सप्ताह जलपाईगुड़ी के डेंगुआझाड़ चाय बागान में कैंटीन के पास स्थित एक झुरमुट से नवजात शिशु बरामद किया गया था. अब ऐसे ही मामले को लेकर धूपगुड़ी सुर्खियों में है. जब पूरे राज्य में शिशु तस्करी का मामला गरमाया हुआ है, ऐसे में धूपगुड़ी में नदी के किनारे से एक नवजात कन्या शिशु का शव मिला है. यह शव धूपगुड़ी के खुट्टीमारी इलाके में मिला है. गुरुवार की सुबह शव देखे जाने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. शव पहले आम लोगों ने देखा, इसके बाद पुलिस को खबर दी गयी.
पुलिस का अनुमान है कि किसी ने बुधवार रात को पॉलीथीन में करके शिशु का शव नदी में फेंकने का प्रयास किया. लेकिन पॉलीथीन नदी तक नहीं पहुंच पाया और किनारे ही रह गया. किसी जीव ने बाद में पॉलीथीन को नोंच डाला. पुलिस और स्थानीय लोगों को अनुमान है कि कन्या शिशु होने की वजह से शिशु को फेंका गया होगा. धूपगुड़ी थाने की पुलिस ने बताया कि किसने नवजात संतान को फेंका है, इस बारे में पुलिस छानबीन कर रही है. इलाके के लोगों से पूछताछ की जा रही है. इधर धूपगुड़ी थाने के आइसी संजय दत्त ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा.
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों डेंगुआझाड़ में बरामद नवजात शिशु की जलपाईगुड़ी जिला सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी थी. जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा सुब्बा ने बताया कि चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट, धूपगुड़ी ने मृत शिशु की बरामदगी की जांच शुरू कर दी है. सभी दिशाओं में जांच की जा रही है.
