पुलिस सूत्रों के मुताबिक बेनियापुकुर इलाके के एजेसी बोस रोड स्थित कारनानी स्टेट के मोचा बार व रेस्तरां में गुरुवार देर रात लगभग 1.30 बजे छापामारी की गयी. इस दौरान बार के अंदर ग्राहकों को नशीला हुक्का व शराब पीते हुए पाया गया. इतनी देर रात तक बार खुला रखने व ग्राहकों को शराब परोसने के अलावा हुक्का पिलाने के सिलसिले में बार के मैनेजर सोमनाथ विश्वास से लाइसेंस दिखाने को कहा गया, लेकिन कोई भी अतिरिक्त लाइसेंस नहीं दिखा पाया.
सिर्फ एक रेस्तरां का लाइसेंस उनके पास था, जिसकी आड़ में मालिक बार के अलावा देर रात तक हुक्का बार भी चला रहा था. इस जानकारी के सामने आने के बाद बार के मैनेजर के साथ 13 ग्राहकों को गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में कोलकाता पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) विशाल गर्ग ने बताया कि रेस्तरां का लाइसेंस लेकर यहां बार व हुक्का बार चलाने के आरोप में बार के मालिक पवन कुमार चावला, निखिल चावला, कमल चावला व शशांक अरोड़ा के अलावा मैनेजर समेत कुल 13 ग्राहकों के खिलाफ बेनियापुकुर थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है. गिरफ्तार 13 आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश करने पर सभी को जेल हिरासत में भेज दिया गया है. उनका कहना है कि महानगर में अवैध तरीके से देर रात को चलाये जा रहे बार व हुक्का बार के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
