अलीपुरद्वार में घर के नीचे लगाया गया था बम
अलीपुरद्वार. बुधवार तड़के अलीपुरद्वार के 15 नंबर वार्ड के सुभाषपल्ली इलाके में आठ किलो का एक देसी बम बरामद किया गया. सुभाषपल्ली खेल मैदान से लगे, रामकृष्ण सूत्रधर के लकड़ी के मकान के नीचे यह बम रखा हुआ था. बुधवार तड़के घर के नीचे से आ रही धुएं और जलने की गंध से परिवार के […]
अलीपुरद्वार. बुधवार तड़के अलीपुरद्वार के 15 नंबर वार्ड के सुभाषपल्ली इलाके में आठ किलो का एक देसी बम बरामद किया गया. सुभाषपल्ली खेल मैदान से लगे, रामकृष्ण सूत्रधर के लकड़ी के मकान के नीचे यह बम रखा हुआ था. बुधवार तड़के घर के नीचे से आ रही धुएं और जलने की गंध से परिवार के लोगों की नींद टूट गयी.
उन लोगों ने देखा कि बम के करीब सात फुट लंबे पलीते में आग लगी हुई है. तब तक करीब पांच फुट लंबा पलीता जल चुका था. घर के लोगों ने तुरंत पलीते पर पानी डालकर उसमें लगी आग बुझायी और पुलिस को खबर दी. खबर मिलते ही पुलिस और अलीपुरद्वार की दमकल वाहिनी मौके पर पहुंच गयी.
इन लोगों ने बम को बालू के बोरों से ढक दिया. इसके बाद दमकल ने काफी मात्रा में पानी डालकर बम को प्राथमिक तौर पर निष्क्रिय कर दिया. पुलिस ने इसे पूरी तरह निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को खबर दे दी है. अलीपुरद्वार पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.