वेतन, भत्ते आदि की ऑनलाइन भुगतान की तैयारी
वार्ड उत्सव के लिए भुगतान को लेकर होगी बैठक
सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम भी कैशलेस नीति की ओर बढ़ रहा है. अस्थायी व दैनिक मजदूरों को वेतन, समाजिक सुरक्षा के तहत नागरिकों को मिलने वाला भत्ता, वार्ड पार्षदों को मिलने वाला बैठक भत्ता आदि बैंक के मार्फत मुहैया कराया जायेगा. सिलीगुड़ी नगर के मेयर अशोक भट्टाचार्य ने स्वयं इस बात की जानकारी दी है. क्या यह मोदी सरकार की कैशलेस नीति से प्रेरित है? उन्होंने ऐसा मानने से इनकार करते हुए कहा कि बैंक या ऑनलाइन प्रक्रिया पारदर्शिता बनाये रखने में कारगर है.
सिलीगुड़ी नगर निगम के सभागार में पत्रकारों को संबोधित करते हुए मेयर अशोक भट्टाचार्य ने कहा कि आगामी दिसंबर माह से अस्थायी कर्मचारियों व दैनिक मजदूरों सहित नागरिकों को वेतन, भत्ता आदि की व्यवस्था बैंक के माध्यम से किये जाने पर विचार-विमर्श कर रहा है. वार्ड पार्षदों को मिलने वाला मीटिंग अलाउंस भी बैंक द्वारा ही मुहैया कराया जायेगा. निगम के अस्थायी व दैनिक मजदूरों की मजदूरी प्रतिमाह डेढ़ करोड़ रुपये के आस-पास होती है. इसके अतिरिक्त निगम की अन्य सभी प्रक्रिया, टेंडर, नोटिस आदि ऑनलाईन करने पर विचार-विमर्श जारी है.
श्री भट्टाचार्य ने कहा कि बैंक के माध्यम से पार्षदों को रुपया मुहैया कराये जाने में सिर्फ वार्ड उत्सव अड़ंगा लगा रहा है. उत्सव से पहले पार्षद एडवांस में नकद लेते हैं और बाद में खर्च का ब्योरा पेश करते हैं. लेकिन सभी वार्ड पार्षदों के साथ इस विषय पर बैठक की जायेगी. वार्ड उत्सव के लिए प्रत्येक वार्ड पार्षद को डेढ़ लाख रुपया निगम मुहैया कराता है. बैठक में शामिल होने के लिये प्रत्येक पार्षद को पांच सौ रूपये के करीब भत्ता दिया जाता है.
उल्लेखनीय है कि सिलीगुड़ी नगर निगम की सत्ता में वापस आते ही माकपा बोर्ड ने राज्य की तृणमूल सरकार पर आर्थिक असहयोगिता का आरोप लगाते हुए वार्ड उत्सव ना मनाने का निर्णय लिया था. लेकिन माकपा पार्षदों को छोड़कर तृणमूल, भाजपा और कांग्रेस पार्षदों ने अपना-अपने वार्ड में वार्ड उत्सव का आयोजन किया था. इस वर्ष माकपा पार्षद भी अपने वार्ड में वार्ड उत्सव का आयोजन करेंगे.
