अलग गोरखालैंड की मांग कर रहा है गोरखा जन कल्याण मंच
मंच के अध्यक्ष छेत्री गत 15 नवंबर से कर रहे हैं अनशन
दार्जिलिंग : अलग राज्य गोरखालैंड गठन की मांग को लेकर गोरखा जन कल्याण मंच के अध्यक्ष कृष्णा छेत्री 15 नवंबर से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं. सिलीगुड़ी के प्रकाश नगर स्थित लिम्बू बस्ती में मंच का कार्यालय है और यहीं पर श्री छेत्री अनशन कर रहे हैं. रविवार को श्री छेत्री की तबीयत खराब हो गयी. अनशन की वजह से उनका स्वास्थ्य गिर रहा है. उल्लेखनीय है कि गोरखा जन कल्याण मंच दार्जिलिंग जिला, भावी कालिम्पोंग जिला, जलपाईगुड़ी जिला और अलीपुरद्वार जिले को मिलाकर अलग गोरखालैंड राज्य गठन करने की मांग करते आ रहे है.
इस मांग को लेकर कई बार राज्य सरकार से पत्राचार भी किया गया, लेकिन हर बार राज्य सरकार इसे अजरअंदाज करते आ रही है. बाध्य होकर श्री छेत्री को आमरण अनशन पर बैठना पड़ा है.
यह जानकारी मंच के केन्द्रीय उपाध्यक्ष स्वराज शर्मा ने दी. मंच ने अपनी मांग को लेकर केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को भी पत्र लिखा है. उस पत्र की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी, राज्य के मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष, जलपाईगुड़ी के जिला अधिकारी, पुलिस अधीक्षक आदि को भेजी गयी है. पत्र के माध्यम से कहा गया है कि देश के रक्षक गोरखाओं के साथ राज्य सरकार के अन्याय और अत्याचार के कारण अलग गोरखालैंड होना जरूरी है.
श्री शर्मा ने कहा कि आमरण अनशन पर बैठे कृष्णा छेत्री की अवस्था चिन्ताजनक है. यदि श्री छेत्री को कुछ हुआ, तो यहां की कानून-व्यवस्था खराब होने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.
