मालदा : ट्रक के धक्के से एक आरपीएफ कर्मी की मौत हो गयी. रविवार दोपहर करीब 2 बजे इंगलिश बाजार थाने के कमलाबाड़ी मोड़ के पास 34 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह घटना घटी. घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग काफी देर तक बाधित रहा. बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू किया. पुलिस ने बताया कि मृत व्यक्ति का नाम जयचंद घोष (50) था. उनका घर महदीपुर ग्राम पंचायत के कांचनटार इलाके में है. वह ओल्ड मालदा स्टेशन पर आरपीएफ कर्मी के रूप में तैनात थे. रविवार को दोपहर में वह मोटरसाइकिल से अपने भांजे के साथ मालदा शहर आ रहे थे.
तभी पत्थर लदे एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से धक्का मार दिया. इससे वह नीचे गिर पड़े और ट्रक के पहिये के नीचे आ गये. इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार उनका भांजा असित घोष भी घायल हो गया है. उसका इलाज मालदा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. पुलिस ने धक्का मारने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है. वहीं चालक फरार है.
