मालदा: अवैध रूप से फैंसीडिल कफ सिरप की तस्करी करनेवाले तस्करों के साथ बीएसएफ की झड़प हुई है. जानकारी के अनुसार बीएसएफ के जवानों ने जब तस्करी रोकने की कोशिश की, तो तस्करों ने एक बीएसएफ जवान की पिटायी कर दी. जवाबी कार्रवाई में बीएसएफ की गोली से एक तस्कर भी मारा गया है.
शनिवार तड़के यह घटना कालियाचक थाना के चरीअनंतपुर इलाके में भारत-बांग्लादेश सीमा पर घटी. बाद में बीएसएफ ने तस्कर के शव को पुलिस को सौंप दिया. घायल बीएसएफ जवान की चिकित्सा मेडिकल कॉलेज में की जा रही है. बीएसएफ ने 75 फैंसीडिल की बोतल को जब्त किया है.
जानकारी के अनुसार, मृतक तस्कर का नाम दिलदार शेख (18) है और चरीअनंतपुर गांव में उसका घर है. घटना में घायल 24 नंबर बटालियन के बीएसएफ जवान का नाम आलोक कुमार (38) है. आरोप है कि जवान पर धारदार हथियार से हमला किया गया है. पुलिस सूत्रों ने बताया है कि शनिवार तड़के 10 से 12 तस्कर भारी मात्रा में फैंसीडिल कफ शिरप बांग्लादेश ले जा रहे थे. उसी समय 24 नंबर बटालियन बीएसएफ के जवानों ने उन्हें रोका. उसके बाद ही बदमाशों ने बीएसएफ पर हमला कर दिया. इसमें एक जवान को काफी चोटें आयी हैं. हालात बिगड़ते देख बीएसएफ जवानों ने पहले हवाई फायरिंग की. उसके बाद भी तस्कर नहीं माने. जान बचाने के लिए बीएसएफ को तस्करों पर गोली चलानी पड़ी. बीएसएफ की गोली लगते ही दिलदार शेख नामक तस्कर जमीन पर गिर गया. बाद में उसकी मौत हो गयी. उसके जमीन पर गिरते ही बाकी सभी तस्कर भाग खड़े हुए. यह लोग फैंसीडिल की कुछ बोतल भी छोड़ गये.
बीएसएफ ने किया आरोप खारिज
दूसरी ओर बीएसएफ ने तस्कर के पिता के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है. इधर, पुलिस अधीक्षक अर्णब घोष ने बताया है कि तस्करों के हमले में एक बीएसएफ जवान घायल हुआ है, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर की मौत हो गयी है. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
