जाम की समस्या और विकराल
स्थानीय लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन
मालदा : मालदा शहर में वनवे ट्राफिक व्यवस्था चालू होने के बाद जाम की स्थिति पहले से ही बदहाल है, ऊपर से विभिन्न पूजा पंडालों द्वारा सड़क पर बांस फैलाकर पंडाल बनाने के काम ने इस स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है. दुर्गा पूजा में अभी भी करीब एक महीने बाकी है. अभी से ही शहर में जोर-शोर से पूजा पंडाल बनाने का काम शुरू हो गया है.
सड़क खोदकर पंडाल बनाये जा रहे हैं. इसके अलावा पूजा आयोजकों को मोटी रकम देकर अपने उत्पादों के प्रचार के लिए कंपनियों की ओर से भी बैनर तथा पोस्टर लगाने के लिए बांस गाड़े जा रहे हैं. इसकी वजह से भयावह जाम से आम लोग परेशान हैं और उनके अंदर भारी रोष है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगरपालिका तथा प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. इधर, जिला अधिकारी शरद द्विवेदी ने कहा है कि दुर्गा पूजा को लेकर मालदा टाउन हॉल में प्रशासनिक बैठक हुई है. इसमें विभिन्न स्वयंसेवी संगठन, पूजा कमेटी तथा क्लब के सदस्य भी उपस्थित थे. इसमें ही सभी को साफ-साफ कह दिया गया था कि नगरपालिका की अनुमति के बगैर सड़क पर गेट नहीं बनाने दिये जायेंगे. नगरपालिका की पूरी परिस्थिति पर नजर है.
इस बीच, बृहस्पतिवार की सुबह शहर के कानीमोड़ इलाके में तोरणद्वार बनाने के क्रम में एक बड़ी दुर्घटना टल गई. पूजा में प्रचार के लिए एक कंपनी द्वारा यहां तोरणद्वार बनाया जा रहा है. इसी क्रम में द्वार में लगे कई बांस टूटकर गिर गये. बीच सड़क पर इससे अफरा-तफरी मच गई. काफी समय तक इस इलाके में जाम की स्थिति बनी रही. इसको लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया. बाद में इंगलिश बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची एवं स्थिति को सामान्य किया.
