परेशानी: हावड़ा में दो घंटे मूसलधार बारिश से जलजमाव, कई जगह घुटने भर पानी
हावड़ा. सोमवार शाम लगभग दो घंटे की मूसलधार बारिश से पूरे शहर के विभिन्न इलाकों में जलजमाव हो गया. उत्तर हावड़ा, दक्षिण हावड़ा व मध्य हावड़ा के कई वार्ड जलजमाव की चपेट में हैं. इन इलाकों में घुटने भर पानी जमने की खबर है. दक्षिण हावड़ा के बीई कॉलेज, नस्कर पाड़ा रोड, ट्राम डिपो, मध्य […]
हावड़ा. सोमवार शाम लगभग दो घंटे की मूसलधार बारिश से पूरे शहर के विभिन्न इलाकों में जलजमाव हो गया. उत्तर हावड़ा, दक्षिण हावड़ा व मध्य हावड़ा के कई वार्ड जलजमाव की चपेट में हैं. इन इलाकों में घुटने भर पानी जमने की खबर है.
दक्षिण हावड़ा के बीई कॉलेज, नस्कर पाड़ा रोड, ट्राम डिपो, मध्य हावड़ा के बेलिलियस रोड, पंचान्नतल्ला रोड, टिकियापाड़ा, देशप्राण शाशमल रोड, इस्ट वेस्ट बाइपास में घुटने भर पानी जमा है. टिकियापाड़ा के कई घरों के अंदर पानी घुस गया है. सलकिया, घुसड़ी, सत्यबाला, लिलुआ सहित कई जगहों पर जलजमाव है. बारिश का असर ट्रैफिक व्यवस्था पर भी पड़ा है. निगम के निकासी विभाग के कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है.
शाम की तरह अगर सोमवार रात भी बारिश होती है, तो स्थिति बिगड़ सकती है. एमएमआइसी श्यामल मित्रा ने कहा कि मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी दी है. पूरा विभाग अलर्ट है. शहर के कई इलाकों में जलजमाव हुआ है. पंप के माध्यम से पानी को निकाला जा रहा है.
रेल पटरी पर पानी से ट्रेन सेवा प्रभावित
बारिश से हावड़ा मंडल में रेल सेवा प्रभावित हुई है. दपूरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय घोष ने बताया कि टिकियापाड़ा के पास रेल पटरी पर पानी जम गया है. पांच पंपों की मदद से पानी को बाहर निकाला जा रहा है. दो पांसकुड़ा लोकल को रद्द कर दिया गया है, जबकि दो मेदिनीपुर लोकल का ठहराव सभी स्टेशनों पर किया गया है. वहीं पूर्व रेलवे के आरआरआइ केबिन में सिग्नलिंग व्यवस्था में तकनीकी समस्या होने की खबर है, जिसके कारण डाउन व अप ट्रेनें काफी विलंब से चल रही हैं.