मालदा में तीन स्थानों पर गोलीबारी

मालदा: मालदा में तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गये. घायलों में से एक की चिकित्सा मालदा मेडिकल कॉलेज में चल रही है, जबकि दूसरे को एनआरएस अस्पताल कोलकाता रेफर कर दिया गया है. रविवार की रात गोलीबारी की इन […]

मालदा: मालदा में तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गये. घायलों में से एक की चिकित्सा मालदा मेडिकल कॉलेज में चल रही है, जबकि दूसरे को एनआरएस अस्पताल कोलकाता रेफर कर दिया गया है. रविवार की रात गोलीबारी की इन तीन घटनाओं से मालदा के इंगलिश बाजार, कालियाचक एवं वैष्णवनगर थाना इलाके में खलबली मच गई.

पुलिस ने इस मामले में कुरबार शेख नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस सभी तीनों गोलीकांड की जांच कर रही है. पुलिस ने बताया है कि इंगलिश बाजार के महेशमारी इलाके में टिंकू शेख (34) नामक एक मारवल मिस्त्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई. उसका घर ओल्ड मालदा थाना अंतर्गत मंगलबाड़ी इलाके में है. रविवार की रात टिंकू शेख शहरके महेशमारी इलाके में एक सुनसान स्थान पर अपने दोस्त शाहील शेख, राजू शेख तथा तीन अन्य लोगों के साथ बैठ कर शराब पी रहा था. इसी बीच, पैसे को लेकर इन सभी के बीच कहा-सुनी शुरू हो गई.

पहले टिंकू के साथ मारपीट की गई और उसके बाद गोली मार दी गई. गोली सीने को चिरती हुई निकल गई है. गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. तब तक सभी बदमाश फरार हो गये थे. स्थानीय लोगों ही टिंकू को इलाज के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज ले आये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दूसरी तरफ रविवार की रात ही घर लौटने के समय बदमाशों द्वारा मारी गई गोली में फेलू शेख (34) नामक एक व्यक्ति घायल हो गया. यह घटना कालियाचक थाना अंतर्गत ताफी गांव में घटी है. पुलिस ने बताया है कि फेलू के दाहिने पैर में गोली लगी है. उसकी चिकित्सा मालदा मेडिकल कॉलेज में चल रही है. उसने पुलिस को बताया है कि पाट के खेत में काम कर शाम को वह अपने घर वापस लौट रहा था तभी कई बदमाशों ने उसे घेर लिया और गोली चलानी शुरू कर दी. एक गोली उसके पैर में लगी है. बदमाशों ने उस पर क्यों हमला किया, यह समझ में नहीं आ रहा है. पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि पैसे की लेन-देन की वजह से ही गोलीबारी की यह घटना घटी है.
रविवार की रात ही गोलीबारी की एक अन्य घटना वैष्णवनगर थाना अंतर्गत भागलपुर के छोटेकमातपुर गांव में घटी. यहां बदमाशों ने एक 18 वर्षीय युवक को गोली मारी है. युवक के दाहिने पैर में गोली लगी है. घायल युवक का नाम अब्दुल सलाम है. उसे पहले मालदा मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया, जहां डॉ उसके पैर में लगी गोली को नहीं निकाल सके. स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कोलकाता रेफर कर दिया. पुलिस ने बताया है कि रात में वह अपने घर लौट रहा था. घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर चार-पांच बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया. इसी दौरान उसे गोली मारी गई. पुलिस हमले के कारणों को जानने में जुटी हुई है.

पुलिस अधीक्षक प्रसुन बनर्जी का कहना है कि मालदा जिले में तीन स्थानों पर गोलीबारी की घटना हुई है. जिसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गये हैं. संबंधित थाना पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है. इन मामलों में से एक मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >