दिखने लगी है ममता बनर्जी की परेशानी : श्यामल चक्रवर्ती

मालदा. सीपीएम और कांग्रेस का गंठबंधन तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी को परेशान करने लगा है. ऊपर से जनसभाओं में भीड़ न होने से उनकी बेचैनी और बढ़ गयी है. हाल ही में ममता बनर्जी ने मालदा एवं मुर्शिदाबाद में चुनावी सभा की. दोनों ही जगहों पर उम्मीद के मुताबिक लोग नहीं जुटे. यही […]

मालदा. सीपीएम और कांग्रेस का गंठबंधन तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी को परेशान करने लगा है. ऊपर से जनसभाओं में भीड़ न होने से उनकी बेचैनी और बढ़ गयी है. हाल ही में ममता बनर्जी ने मालदा एवं मुर्शिदाबाद में चुनावी सभा की. दोनों ही जगहों पर उम्मीद के मुताबिक लोग नहीं जुटे. यही कारण है कि ममता बनर्जी ने 20 मिनट के अपने भाषण में 15 मिनट गंठबंधन को कोसने में ही खर्च किये. यह कहना है माकपा के केंद्रीय कमेटी सदस्य श्यामल चक्रवर्ती का. शुक्रवार को वह मालदा के जिला पार्टी कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. वह यहां माकपा की सचिव मंडली और जिला कमेटी की बैठक करने आये हुए हैं. उन्होंने जिले में चुनावी रणनीति को लेकर दिनभर बैठक की.

श्री चक्रवर्ती ने जिला सचिव अंबर मित्र और वाम मोरचा के चेयरमैन जीवन मैत्र को साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि चार दिन के अंदर उनकी पार्टी की तरफ से सभी जटिलताएं दूर कर ली जायेंगी. कांग्रेस के साथ चर्चा का दौर जारी है. उन्होंने कुछ सीटों पर दोस्ताना संघर्ष होने की बात भी खुले तौर पर स्वीकार की. उन्होंने कहा कि 294 सीटों में से 280 सीटों पर कोई समस्या नहीं है. केवल 14 सीटों को लेकर जटिलता है. इन सीटों पर जटिलता को किस तरह सुलझाया जाये, इसे लेकर कोलकाता में दोनों दलों के नेता चर्चा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर इन 14 सीटों पर दोस्ताना संघर्ष होता है, तो भी सत्तारूढ़ तृणमूल को इनमें से कोई सीट नहीं मिलने वाली है. यह सब देखकर तृणमूल अध्यक्ष ममता बनर्जी डर गयी हैं और गंठबंधन पर हमला कर रही हैं.

श्री चक्रवर्ती ने कहा कि तृणमूल अध्यक्ष 2011 के चुनाव की बात भूल गयी हैं. वह गंठबंधन करके ही सत्ता में पहुंच पायी थीं. तृणमूल तब जिन लोगों के साथ गंठबंधन किया था, आज उनमें से कोई उनके साथ नहीं है. इंगलिश बाजार सीट के बारे में उन्होंने कहा कि यहां वाम और कांग्रेस एक निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन कर रहे हैं. ऐसी और भी कई सीटें हैं.

मालदा की कुल 12 सीटों में से चार सीटों- हबीबपुर, गाजोल, मालतीपुर और हरिश्चंद्रपुर से सीपीएम ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. कांग्रेस ने अभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, लेकिन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अधीर चौधरी ने जिले की छह सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है. ये सीटें हैं- वैष्णवनगर, मोथाबाड़ी, सुजापुर, चांचल, रतुआ और मालदा. बाकी दो सीटों मानिकचक और इंगलिश बाजार से कांग्रेस और सीपीएम दोनों ने दावेदारी नहीं की है. इंगलिश बाजार में वाम समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी का कांग्रेस समर्थन कर रही है. वाम मोरचा ने हरिश्चंद्रपुर और मालतीपुर से अपने प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं, इसके बावजूद जिला कांग्रेस की नेता मौसम नूर ने यहां से प्रत्याशी देने की बात कही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >