सफलता: भारी मात्रा में लाल चंदन की लकड़ी बरामद, दो तस्कर भी पकड़ाये

जलपाईगुड़ी: गुप्त सूचना से प्राप्त खबर के आधार पर धूपगुड़ी पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर भारी मात्रा में लाल चंदन की लकड़ी जब्त की है. बृहस्पतिवार की देर रात धूपगुड़ी थाना पुलिस ने आंगराभाषा के प्रधानपाड़ा इलाके में छापेमारी की. मोहम्मद राणा नामक एक युवक के घर में छापामारी के दौरान पुलिस को […]

जलपाईगुड़ी: गुप्त सूचना से प्राप्त खबर के आधार पर धूपगुड़ी पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर भारी मात्रा में लाल चंदन की लकड़ी जब्त की है. बृहस्पतिवार की देर रात धूपगुड़ी थाना पुलिस ने आंगराभाषा के प्रधानपाड़ा इलाके में छापेमारी की. मोहम्मद राणा नामक एक युवक के घर में छापामारी के दौरान पुलिस को यह कामयाबी मिली. वहां से करीब 975 किलो अवैध चंदन की लकड़ी पुलिस ने जब्त की है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस इलाके में चंदन की लकड़ी के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को काफी दिनों से थी. उसके बाद ही पुलिस ने यहां नजरदारी शुरू की.

गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने यह अभियान चलाया. रात में ही घटनास्थल से मोहम्मद राणा तथा उसके सहयोगी मागरेद अली को गिरफ्तार किया गया है. जब्त चंदन लकड़ियों की कीमत 65 लाख रुपये से भी अधिक है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि 15 दिनों पहले सिलीगुड़ी से तेलीपाड़ा होते हुए चंदन की लकड़ी को भूटान ले जाने की योजना थी.

इसी क्रम में पुलिस अभियान की जानकारी मिलने के बाद तस्करों ने चंदन की लकड़ी को आंगराभाषा इलाके में मोहम्मद राणा के घर में रख दिया. पुलिस का मानना है कि इन चंदन लकड़ियों को पहले सिलीगुड़ी में लाया गया होगा. वहां छोटे-छोटे टुकड़े करने के बाद इसके भूटान ले जाने की तैयारी की गई होगी. चुनाव से पहले पुलिस बड़े पैमाने पर विभिन्न स्थानों पर छापामारी अभियान चला रही है. संभवत: इसी डर से तस्करों ने चंदन की लकड़ी को अंगराभाषा में जमा कर रखा था. इससे पहले भी इस इलाके में बड़े पैमाने पर चंदन की लकड़ी जब्त की गई है. पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जब्त लाल चंदन की लकड़ी को वन विभाग के हवाले कर दिया जायेगा. जलपाईगुड़ी के डीएसपी (क्राइम) विद्युत तरफदार ने कहा है कि पुलिस की यह बड़ी कामयाबी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >