सिलीगुड़ी. कांग्रेस के साथ वाम मोरचा के गंठबंधन का भले ही कोई अधिकारिक रूप से एलान नहीं हुआ है, लेकिन सबकुछ गठबंधन जैसा ही लग रहा है़ वाम मोरचा के उम्मीदवारों की जो सूची प्रकाशित हुयी है,उससे यह साफ झलकता है. दार्जिलिंग जिले के छह विधानसभा सीटों में से सिर्फ एक पर वाम मोरचा ने उम्मीदवार उतारा है़ सिलीगुड़ी से अशोक भट्टाचार्य वामो उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं.
सिलीगुड़ी के अलावा जिले के समतल के माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी व फांसीदेवा विधानसभा सीट कांग्रेस के लिये छोड़ दिया गया है. इन दोनों सीटों पर फिलहाल कांग्रेस का ही कब्जा है़ इसके अतिरिक्त तृणमूल को हराने के लिए वाम मोरचा ने पहाड़ के तीनों विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार नहीं उतारने का एलान कर दिया है. सिलीगुड़ी में कांग्रेस भी अशोक भट्टाचार्य के खिलाफ अपना उम्मीदवार नहीं देगी. बिना गठबंधन के ही वाम मोरचा व कांग्रेस के बीच सीटों का समझौता हो चुका है.
इसबीच,उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही वाम मोरचा उम्मीदवार अपने चुनाव प्रचार में उतर चुके हैं. कोलकाता से सिलीगुड़ी लौटते ही सिलीगुड़ी से माकपा उम्मीदवार अशोक नारायण भट्टाचार्य ने सिलीगुड़ी नगर निगम के छह नंबर वार्ड से अपना चुनाव प्रचार शुरू किया. आज उन्होंने छह नंबर वार्ड स्थित जयमणी भवन से अपने चुनाव प्रचार का आगाज किया. इसके बाद श्री भट्टाचार्य ने अपने समर्थकों के साथ वार्ड के विभिन्न इलाको में पदयात्रा की. सिलीगुड़ी विधानसभा सीट से जीत को लेकर अशोक भट्टाचार्य पूरी तरह से आशावान हैं. उनके समर्थक उनकी जीत का दावा कर रहे हैं. समर्थकों का कहना है कि चैनलों के चुनाव सर्वेक्षण में उनकी जीत की बात कही गयी है. इधर,पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री भट्टाचार्य ने बताया कि सिलीगुड़ी के नागरिक उन्हें पहले ही स्वीकार कर चुके हैं.
उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम एवं सिलीगुड़ी महकमा परिषद में जीत ने यह साबित कर दिया है कि इस बार राज्य में परिवर्तन होगा. तृणमूल के आतंक से लोग परेशान हैं. जनता इस पार्टी को नकार चुकी है. अपने चुनावी प्रतिद्वंदी तृणमूल के वाइचुंग भुटिया के संबंध में उन्होंने कहा कि वो एक अच्छे फुटबाल खिलाड़ी हैं, एक खिलाड़ी के रूप में वह उनका सम्मान करते हैं.
उन्होंने कहा कि राजनीति उनके वश की बात नहीं.श्री भट्टाचार्य ने दावा करते हुए कहा कि उनके लिए वाइचुंग एक साधारण प्रतियोगी हैं. इसके अतिरिक्त मंगलवार को सिलीगुड़ी व डाबग्राम फूलबाड़ी विधानसभा सीट के माकपा उम्मीदवार दिलीप सिंह के समर्थन में भी रैली निकाली गयी. यह रैली शहर के हिलकार्ट रोड स्थित माकपा के जिला कार्यालय अनिल विश्वास भवन से शुरू हुयी और शहर के मुख्य सड़को का दौरा किया. इस रैली में अशोक भट्टाचार्य व दिलीप सिंह सहित सैकड़ो वाम समर्थक व अन्य नेता शामिल हुये.
