जलपाईगुड़ी: जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गयी, जबकि कम से कम 22 लोग घायल हो गये. घायलों में से कई की हालत काफी गंभीर है. शुक्रवार की सुबह मयनागुड़ी थाना इलाके के रानीरहाट मोड़ के निकट एक बस के गड्ढे में गिर जाने की वजह से मौके पर ही दो लोगों की मृत्यु हो गयी.
अस्पताल ले जाने के क्रम में दो अन्य यात्री भी मारे गये. इसके अलावा इस सड़क दुर्घटना में 18 अन्य लोग घायल भी हो गये हैं. पुलिस ने बताया है कि एक मिनी बस धूपगुड़ी से रानीरहाट-जमालदह की ओर जा रही थी. भाई फोटा की वजह से बस में यात्री खचाखच सवार थे. मृतकों में धूपगुड़ी पांच नंबर वार्ड के निवासी दीपेश घोष (42) का नाम भी शामिल है. वह जमालद हाट जा रहे थे. मृतक के भाई पार्थ घोष ने बताया कि बस के खड्ड में गिरने की वजह से वह गिर पड़ा और बाद में बस उसके ऊपर पलट गयी.
उसे गंभीर रूप से घायल स्थिति में मनयागुड़ी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस सड़क दुर्घटना में मयनागुड़ी हाइस्कूल के 11वीं कक्षा का छात्र दीपंकर बर्मन (18) की भी मौत हो गयी. हादसे में शाहिम बर्मन (40) व बस के कंडक्टर अतुल बर्मन (35) की भी मौत हो गयी. ये सभी रानीरहाट के रहनेवाले थे. दुर्घटना में घायल आशीष घोष ने बताया कि रानीरहाट पार करने के बाद ही एक ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने बस पर नियंत्रण खो दिया. इस सड़क दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है.
ट्रक व वैन की टक्कर में ड्राइवर की मौत
दूसरी तरफ, माल बाजार के तारघेरा मोड़ इलाके में ट्रक व पिकअप वैन के सीधी टक्कर में पिकअप वैन के ड्राइवर पप्पू अग्रवाल की मौत हो गयी. हादसे में खलासी बुरी तरह से घायल हो गया.
धूपगुड़ी में बच्चा घायल
वहीं, धूपगुड़ी रेलवे स्टेशन के निकट राष्ट्रीय सड़क पर ट्रक के धक्के से पांच वर्षीय बच्चा घायल हो गया. उसे धूपगुड़ी अस्पताल में भरती कराया गया है. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है. जलपाईगुड़ी जिले सीएमओएच प्रकाश मिर्धा ने कहा कि मयनागुड़ी अस्पताल में दो घायलों की चिकित्सा चल रही है व सदर अस्पताल में आठ लोग भरती हैं. गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अस्पताल में कुल चार लोगों की मौत हुई है. 10-12 घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है.
क्या कहते हैं एएसपी
जलपाईगुड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) जेम्स कुजुर ने कहा कि दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गयी. अब तक जो सूचना उनके पास है, उसके अनुसार बस दुर्घटना में चार यात्रियों की मौत हुई है व माल बाजार में एक सड़क दुर्घटना में पिकअप वैन के चालक की मौत हो गयी है. घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भरती कराया गया है.
