सिलीगुड़ी महकमा: सोमवार को बोर्ड गठन की तैयारी पूरी, सुरक्षा के रहेंगे तगड़े इंतजाम

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी महकमा परिषद चुनाव संपन्न होने के बाद अब बोर्ड गठन की तैयारी शुरू हो गई है. बोर्ड गठन की अधिसूचना जारी होने के बाद से ही यहां पर राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज है. हाल में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद पहले ग्राम पंचायत, फिर पंचायत समिति और अब महकमा परिषद बोर्ड गठन […]

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी महकमा परिषद चुनाव संपन्न होने के बाद अब बोर्ड गठन की तैयारी शुरू हो गई है. बोर्ड गठन की अधिसूचना जारी होने के बाद से ही यहां पर राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज है. हाल में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद पहले ग्राम पंचायत, फिर पंचायत समिति और अब महकमा परिषद बोर्ड गठन की बारी है. सोमवार यानि 16 तारीख को सिलीगुड़ी महकमा परिषद का बोर्ड गठन होना है. इसके लिए सभी प्रकार की आवश्यक तैयारियां कर ली गई है. प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बोर्ड गठन के दिन सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये गये हैं.

राज्य पुलिस के साथ-साथ महकमा परिषद में उस दिन रैफ की भी तैनाती की जायेगी. इस बीच, वाम मोरचा ने पहले ही अपने सभाधिपति तथा सहकारी सभाधिपति के नामों की घोषणा कर दी है. वाम मोरचा की बैठक में वाम के तापस सरकार को सभाधिपति तथा सहयोगी फारवार्ड ब्लॉक की तापसी राय मंडल को सहकारी सभाधिपति बनाने का ऐलान को चुका है. हालांकि वाम मोरचा ने महकमा परिषद बोर्ड गठन की तैयारी तो कर ली है, लेकिन इसके नेता राज्य सरकार के सहयोग को लेकर चिंतित हैं. यहां उल्लेखनीय है कि सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव में वाम मोरचा की जीत हुई है और यहां वाम मोरचा ने ही बोर्ड का गठन किया है. वाम बोर्ड के मेयर अशोक भट्टाचार्य बोर्ड गठन के बाद से ही राज्य सरकार पर असहयोग का आरोप लगाते रहे हैं. अशोक भट्टाचार्य का कहना है कि राज्य सरकार किसी प्रकार की कोई आर्थिक सहायता नहीं कर रही है जिसकी वजह से सिलीगुड़ी में विकास का काम प्रभावित हो रहा है. अशोक भट्टाचार्य के आरोपों में थोड़ा दम भी है. सिलीगुड़ी नगर निगम की तरह ही सिलीगुड़ी महकमा परिषद न हो जाये, यह सोचकर वाम नेता परेशान हैं.

यही वजह है कि महकमा परिषद बोर्ड गठन से पहले ही वाम नेताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रूख अख्तियार कर लिया है. माकपा नेता जीवेश सरकार का कहना है कि सिलीगुड़ी महकमा परिषद में भी यदि राज्य की तृणमूल सरकार सहयोग नहीं करती है, तो वह लोग चुप नहीं बैठेंगे. ग्रामीण इलाकों में इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे. यहां उल्लेखनीय है कि सिलीगुड़ी महकमा परिषद की नौ सीटों में से पांच पर वाम मोरचा की जीत हुई है, जबकि तीन सीटों पर तृणमूल ने कब्जा कर लिया है.

एक सीट कांग्रेस के खाते में है. इस बीच, महकमा परिषद को लेकर तृणमूल ने भी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है. पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष रंजन सरकार ने अपने तीनों सदस्यों को लेकर सिलीगुड़ी में एक बैठक की. इस बैठक में उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव भी उपस्थित थे. तृणमूल सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने अपने तीनों सदस्यों को वाम बोर्ड के खिलाफ आक्रामक रूख अख्तियार करने का निर्देश दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >