एसएफआइ ने शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला
सिलीगुड़ी : उत्तर बंगाल में छात्र नामांकन को लेकर विभिन्न कॉलेजों में संघर्ष का दौर जारी है. कल रायगंज विश्वविद्यालय में छात्र परिषद तथा तृणमूल छात्र परिषद के बीच संघर्ष की घटना के बाद आज सिलीगुड़ी महिला कॉलेज में टीएमसीपी तथा डीएसओ समर्थक आपस मंे भिड़ गये. यह घटना आज कॉलेज परिसर में उस समय घटी जब किसी बात को लेकर टीएमसीपी तथा डीएसओ समर्थकों के बीच कहासुनी हो गयी.
उसके बाद दोनों ही गुटों के बीच संघर्ष शुरू हो गया. इसमें डीएसओ की प्रथम वर्ष की छात्रा पंचमी राय घायल हो गयी है. डीएसओ ने तृणमूल कांग्रेस समर्थित छात्र संगठन टीएमसीपी पर हमले का आरोप लगाया है. दोनों ही गुटों के बीच इस झड़प के बाद कॉलेज परिसर में स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. कॉलेज परिसर में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. डीएसओ ने दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर आज शाम सिलीगुड़ी में एक रैली भी निकाली.
इस बीच एसएफआइ ने टीएमसीपी पर विभिन्न कॉलेजों में आतंक फैलाने का आरोप लगाते हुए आज सिलीगुड़ी के वेनस मोड़ में शिक्षामंत्री पार्थ चटर्जी का पुतला फूंका. एसएफआइ नेता सौरव दास की अगुआई में एसएफआइ समर्थक वेनस मोड़ पहुंचे और शिक्षामंत्री का पुतला फूंका. सौरव दास ने शिक्षामंत्री के इस्तीफे की भी मांग की है.
