राज्य में बाढ़ की हालत पर विपक्ष ने घेरा, कहा
बाढ़ पर मगरमच्छ के आंसू बहा रहीं ममता: सूर्यकांत मिश्र
सिलीगुड़ी : करीब आधा बंगाल बाढ़ से प्रभावित है. लोग त्रहि-त्रहि कर रहे हैं और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मगरमच्छ के आंसू बहा रही हैं. ये आरोप राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता डॉ सूर्यकांत मिश्र ने लगाये.
वह सोमवार को सिलीगुड़ी में पार्टी नेताओं के साथ जरूरी बैठक करने के बाद स्थानीय हिलकार्ट रोड स्थित जिला पार्टी मुख्यालय अनिल विश्वास भवन में मीडिया को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने ममता पर बीती रात को बाढ़ को लेकर नवान्न में रात्रि जागरण को नौटंकी बताते हुए राजनीति करने का आरोप लगाया.
लंदन से टेम्स ले आयीं ममता
सूर्यकांत मिश्र ने मुख्यमंत्री के लंदन टूर की भी खूब खिल्ली उड़ायी. उन्होंने कहा कि लंदन में ममता को कोई उद्योगपति या निवेशक नहीं मिला, तो वह अपने साथ टेम्स नदी को ही बंगाल ले आयीं. मौसम विभाग द्वारा पहले से ही सतर्क किये जाने के बावजूद राज्य में सतर्कता न बरतते हुए ममता लंदन दौरे को लेकर व्यस्त रहीं.
बंगाल में निवेशकों को लाने के नाम पर ममता पहले सिंगापुर, फिर लंदन में लाखों रुपये बहा कर आ गयीं एसजेडीए घोटाले पर उन्होंने कहा कि इस मामले में केवल गोदाला किरण कुमार को गिरफ्तार किया गया है. ऐसा राज्य सरकार के दबाव में ही सीआइडी ने मजबूरीवश किया है. उन्होंने केवल गोदाला के ही नहीं, बल्कि एसजेडीए के सभी बोर्ड सदस्यों के भी गिरफ्तारी की मांग की.
