माध्यमिक परीक्षार्थी के घर बिजली सेवा फिर से बहाल

बिल जमा न होने से काट दी गयी थी बिजली, परीक्षा की तैयारी में हो रही थी परेशानी तृणमूल पंचायत सदस्य ने 2800 रुपये बिल जमा किया सिलीगुड़ी : बिल जमा नहीं होने पर विद्युत परिसेवा बाधित होने से परेशान माध्यमिक परीक्षार्थी के घर पर तृणमूल पंचायत सदस्य की पहल से फिर से बिजली आपूर्ति […]

बिल जमा न होने से काट दी गयी थी बिजली, परीक्षा की तैयारी में हो रही थी परेशानी

तृणमूल पंचायत सदस्य ने 2800 रुपये बिल जमा किया
सिलीगुड़ी : बिल जमा नहीं होने पर विद्युत परिसेवा बाधित होने से परेशान माध्यमिक परीक्षार्थी के घर पर तृणमूल पंचायत सदस्य की पहल से फिर से बिजली आपूर्ति बहाल हो गयी है. फूलबारी-2 ग्राम पंचायत सदस्य हिरेन राय के सहयोग से माध्यमिक परीक्षार्थी के घर में रोशनी लौट आई है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक फूलबारी-2 ग्राम पंचायत के अधीन कंचनबाड़ी इलाका निवासी रं‍जन मिश्रा इस बार माध्यमिक की परीक्षा देगा. वह सिलीगुड़ी के एचबी विद्यापीठ स्कूल में पढ़ता है.
उसके पिता स्थानीय हल्दिया सिलेंडर कारखाने में सुरक्षाकर्मी का काम करते थे. 2010 में एक हादसे में उसके पिता की मौत हो गई थी. जिसके बाद उसकी मां रंजू देवी को उसी कारखाने में काम मिल गया. घर पर रंजन का एक बड़ा भाई रौशन मिश्रा भी है. जो पढ़ाई करने के साथ-साथ पार्ट टाइम नौकरी करता है. मां किसी तरीके से स्थानीय उसी कारखाने में काम कर अपने दोनों बेटे को पढ़ा रही है.
रं‍जन मिश्रा ने बताया कि किसी विवाद के चलते पिछले चार महीने से उसकी मां के पास काम नहीं था. इस वजह से उनकी आर्थिक स्थिति खराब चल रही थी. इसी बीच तीन महीने से वह बिजली का बिल भी नहीं दे पा रहे थे. इस वजह से 2800 रुपये बिजली का बिल बकाया हो गया. उन्होंने बताया कि घर के बिजली मीटर में कई समस्या थी.
इस बारे में स्थानीय बिजली विभाग में मामले की शिकायत करने के बाद भी कोई लाभ नहीं हुआ. एक दिन अचानक से बिजली विभाग की ओर से उनके घर की बिजली काट दी गयी. हालांकि बिजली काटने आये बिजली विभाग के कर्मियों‍ से उन्होंने माध्यमिक परीक्षा का हवाला देते हुए ऐसा नहीं करने की गुजारिश की.
लेकिन उन लोगों ने रंजन की एक नहीं सुनी. उन्होंने बताया कि घर में लाइट नहीं होने के चलते वह स्थानीय कंचनबाड़ी क्लब में जाकर माध्यमिक परीक्षा की तैयारी करने लगा. जब पूरी घटना की जानकारी स्थनीय तृणमूल पंचायत सदस्य हिरेन राय को मिली तो उन्होंने अपने स्तर से सोमवार को रंजन के घर का बकाया बिजली बिल जमा कर किया.
जिसके बाद उसके घर की बिजली आपूर्ति फिर से शुरू हो गयी. इस संबंध में हिरेन राय ने बताया कि रंजन का परिवार काफी गरीब है. उन्होंने बताया कि रंजन इस समस्या को लेकर शनिवार शाम को उनके पास गया था. लेकिन दूसरे दिन रविवार होने के चलते बिजली विभाग का कार्यालय बंद था.
जिस वजह से वह उस दिन उसकी सहायता नहीं कर पाये. पंचायत ने बताया कि जब तक उसके घर में बिजली नहीं आ जाती तक तक उन्होंने रंजन को स्थानीय कंचनबाड़ी क्लब में जाकर पढ़ाई जारी रखने की सलाह दी. सोमवार को उन्होंने अपने स्तर पर बिजली विभाग में जाकर बकाया बिल जमा कर दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >