बालुरघाट : एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में जिला प्रशासन के औचिक निरीक्षण के बाद शहर के टैंक मोड़ इलाके के तीन गैरसरकारी क्लिनिक सील कर दिये गये. बिना किसी सरकारी अनुमोदन के चल रहे इन क्लिनिकों को बिना किसी आधरभूत संरचना के चलाया जा रहा था.
गुरुवार की दोपहर को अचानक दक्षिण दिनाजपुर के जिलाधिकारी निखिल निर्मल के नेतृत्व में सीएमओ सुकुमार दे, एडीएम प्रणव कुमार घोष व अन्य अधिकारियों की टीम ने इस अभियान के दौरान कुकुरमुत्ते के छत्तों की तरह उगे इलाके की 19 क्लिनिकों में से तीन बिना सरकारी अनुमोदन के चल रहीं थीं. इसलिये इन्हें सील कर दिया गया.
वहीं, एक चौथी क्लिनिक के पास अनुमोदन रहने के बावजूद उसकी बुनियादी संरचना पर्याप्त नहीं होने से उसके प्रबंधन को चेतावनी दी गयी है. जिलाधिकारी निखिल निर्मल ने बताया कि तीन क्लिनिकों को सील कर दिया गया है. ऐसे कई क्लिनिकों के खिलाफ काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी. वहीं, सीएमओ सुकुमार दे ने कहा कि इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
जानकारी अनुसार बालुरघाट जिला अस्पताल संलग्न टैंक मोड़ इलाके में अनगिनत क्लिनिक चल रहे हैं जिनके खिलाफ काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी. इलाज के नाम पर ये क्लिनिक दलाली कर आम मरीजों और उनके परिजनों का शोषण व प्रताड़ना कर रहे थे. इनके खिलाफ गलत रिपोर्ट देने के अलावा लापरवाही के आरोप लगते रहे हैं.
