जब ओवरब्रिज के नीचे फंस गया हवाई जहाज

कोलकाता से ट्रक पर लाद कर विमान को भेजा जा रहा था जयपुर घंटों मशक्कत के बाद फंसे विमान को निकाला गया दुर्गापुर : दुर्गापुर शहर के मेन गेट स्थित डीएसपी ओवर ब्रिज के नीचे सोमवार कि रात एयर इंडिया का कार्गो विमान को ले जा रहा ट्रेलर फंस गया. ब्रिज की ऊंचाई कम रहने […]

कोलकाता से ट्रक पर लाद कर विमान को भेजा जा रहा था जयपुर

घंटों मशक्कत के बाद फंसे विमान को निकाला गया

दुर्गापुर : दुर्गापुर शहर के मेन गेट स्थित डीएसपी ओवर ब्रिज के नीचे सोमवार कि रात एयर इंडिया का कार्गो विमान को ले जा रहा ट्रेलर फंस गया. ब्रिज की ऊंचाई कम रहने के कारण विमान को लाद कर ले जा रहा ट्रेलर जीटी रोड के सर्विस लेन के बीच फंसा. मंगलवार सुबह जीटी रोड पर विमान खड़ा देख स्थानीय लोग हक्का-बक्का रह गए.

पहली नजर में तो सब ने यही सोचा कि विमान जीटी रोड पर खड़ा है. नजदीक से विमान देखने के लिए ओवरब्रिज के ऊपर एवं चारों तरफ सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई. लोगों की भीड़ हटाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तक हाईवे अथॉरिटी एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पुलिया में फंसे विमान को बाहर निकाला गया.

मंगलवार दोपहर उपरांत ट्रक को गंतव्य स्थान की ओर भेजने की तैयारी शुरू की गई. जानकारी मुताबिक विमान कोलकाता से राजस्थान के जयपुर के लिए 3 दिन पहले रवाना किया गया था. विमान को लाद कर ट्रेलर (ट्रक) सोमवार की देर रात जब दुर्गापुर के डीएसपी मेन गेट स्थित ओवरब्रिज के समीप पहुंचा तो विमान की ऊंचाई अधिक होने के कारण घनश्याम नामक ट्रेलर चालक ने ट्रक को पीछे मुड़कर सर्विस लेन से निकालने का प्रयास किया.

लेकिन चालक विमान को निकालने में सफल नहीं हो सका एवं विमान ओवरब्रिज के बीचों-बीच फस गया. सर्विस लेन में विमान फंसने के कारण आसनसोल, बर्दवान मेन रूट में वाहनों के परिचालन में कोई असर नहीं पड़ा. स्थानीय लोगों के अनुसार एयर इंडिया कार्गो विमान डाक विभाग में चलाया जाता था.

विमान खराब हो जाने के कारण स्क्रैप के रूप में तब्दील हो गया था. विमान को जयपुर की किसी कंपनी ने स्क्रैप के तहत खरीद कर विमान को जयपुर ले जाने के लिए ट्रांसपोर्ट के जरिये बुक किया था. विमान की ऊंचाई अधिक होने के कारण दुर्गापुर के ओवरब्रिज में फंस गया. राष्ट्रीय नेशनल हाईवे ऑथरिटी के दुर्गापुर प्रोजेक्ट डायरेक्टर (पीडी) सुमित मुखर्जी ने कहा कि ट्रेलर चालक को पुल की ऊंचाई का अंदाजा नहीं लगने के कारण यह घटना हुई है.

ट्रांसपोर्ट एवं एयर इंडिया की ओर से कोई सूचना नहीं दी गयी थी. विभाग की ओर से सम्बंधित संस्था के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी जायेगी. ट्रेलर चालक घनश्याम का कहना है कि इलाके के लोगों ने गाड़ी को जबरन सर्विस लेन से ले जाने को दबाव दिया था जिसके चलते यह घटना हुई है. एयर इंडिया के अधिकारियों की अनुमति के बाद ही सड़क मार्ग से विमान दमदम हवाई अड्डे से जयपुर भेजा जा रहा था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >