गैस की सहायता से सूखा रहे हैं दुर्गा प्रतिमाएं
कालचीनी : दुर्गा पूजा के आगमन से ठीक पहले बेवक्त के बरसात ने डुआर्स के मूर्तिकारों को मायूस कर दिया. जैसे-जैसे दुर्गा पूजा निकट आ रही है डुआर्स वासियों एक अलग रंग का माहौल ढलते जा रहे हैं. हर जगह पूजा की तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है, लेकिन सोमवार सुबह से लगातार हो रही बरसात से डुआर्स के मूर्तिकार चिंता में डूबे हुए हैं, क्योंकि लगातार बारिश से मूर्तिकारों को माता रानी की प्रतिमा सूखने में अधिक समय लग रहा है.
कही भी धूप का नामोनिशान नहीं देखा जा रहा. मौसम विभाग के अनुसार डुआर्स में अगले 48 घंटे तक ऐसे ही स्थिति देखने को मिलेगी. इस कारण प्रतिमाएं सूखने में देरी स्वाभाविक विषय है जिसे देख विवश होकर मूर्तिकार गैस सिलेंडर के माध्यम से प्रतिमा सुखा रहे हैं.
मूर्तिकारों के अनुसार इसी तरह की स्थिति बानी रही तो उनके ऊपर मुश्किल आन पड़ेगी, क्योंकि वे समस्त बुकिंग ले चुके हैं और बुकिंग के अनुसार उन्हें प्रतिमाएं की डिलीवरी समय पर करनी होगी. इस विषय में डुआर्स स्थित हैमिल्टनगंज इलाके के मूर्तिकार लिटन पाल ने बताया कि पूजा से ठीक पहले हमारे इलाके में लगातार बरसात हो रही है. धूप के ना निकलने से हमें दुर्गा माता की प्रतिमाएं को सुखाने में 1 दिन के जगह 3 दिन अधिक समय लग रहा है.
ऐसी ही स्थिति लगातार बनी रही तो हम पर विपदा आन पड़ेगी. हमें किसी भी परिस्थिति में दुर्गा माता की प्रतिमाओं का डिलीवरी करना ही है. जिसे देख बाध्य होकर हम गैस सिलेंडर के माध्यम से प्रतिमाएं सूखा रहे हैं, लेकिन हम लगातार गैस से ऐसे प्रतिमा सुखाए तो प्रतिमा बनाने में अधिक खर्च हो जायेगा. इसके कारण इस वर्ष हम नुकसान की आशंका करते हुए चिंता में डूबे हुए हैं.
