लोगों की थाली से हरी सब्जियां हो रही गायब
रसोइघर के बजट पर पड़ रहा प्रभाव
सिलीगुड़ी : गर्मी से परेशान लोग बारिश के मौसम का बेसब्री से इंतजार करते हैं. बारिश का मौसम तो लोगों को सुहाना लग रहा है. लेकिन यह बारिश लोगों की जेब पर भी भारी पड़ रही है. बारिश के चलते हरी सब्जियों के दाम सातवें आसमान पर है. थोक से लेकर फुटकर तक सब्जियों की कीमतों में इजाफा होने से हर कोई परेशान है. टमाटर, भिंडी, करेला, परवल ,फूलगोभी , पत्तागोभी व लौकी के दाम में इजाफा होने से रसोईघर का बजट प्रभावित होने लगा.
लोगों की थाली से हरी सब्जियां गायब हो रही हैं. जहां भोजन की थाली में दो से तीन सब्जियां होती थीं वहां अब लोग एक सब्जी से ही काम चला रहे हैं. इस संबंध में गृहिणी संगीता घोषाल ने बताया कि हरी सब्जियों के दाम तो बहुत बढ़ गये हैं. ऐसे में हम सब्जी मंडी से हरी सब्जियों की खरीदारी कम कर रहे हैं.
जहां पहले चार हरी सब्जियां बनाते थे, अब दो से ही काम चलाना पड़ रहा है. कभी-कभी तो आलू-प्याज की सब्जी से काम चलाना पड़ता है. तो कभी राजमा एवं सोयाबीन से. ऐसे ही मैनेज करना पड़ता है. अभी तो हरी सब्जी के भाव बहुत बढ़ गये हैं. 500 रुपये की खरीदारी करने पर भी सब्जी से झोला नहीं भर रहा है. बाजार में आग लगी है.
