गुरुवार की शाम एनजेपी थाना क्षेत्र के शांतिपाड़ा इलाके में हुई थी घटना
पोस्को कानून के तहत पुलिस ने किया एफआईआर दर्ज
जलपाईगुड़ी कोर्ट में पेशी आज
सिलीगुड़ी : न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) थाना पुलिस ने एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची की जिंदगी तबाह करनेवाला मुंहबोला ‘काका’ को धर दबोच कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. बताया जा रहा है कि पुलिस ने पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में पड़ोसी युवक जाहिदुल अली को शनिवार को गिरफ्तार किया.
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना तीन दिन पहले गुरुवार की शाम एनजेपी थाना क्षेत्र के शांतिपाड़ा इलाके की है. शुक्रवार को पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक के विरूद्ध लिखित शिकायत दर्ज करायी थी. वहीं शुक्रवार देर रात आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त सजा दिलवाने की मांग को लेकर इलाकेवासियों ने एनजेपी थाने का घेराव भी किया था. इलाकेवासियों का आरोप है कि गुरुवार की शाम को बच्ची घर के सामने खेल रही थी.
उसी दौरान जाहिदुल बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर पास के ही एक खाली व सुनसान पड़े घर में ले जाकर दुष्कर्म करने की कोशिश की. लेकिन बच्ची के शोर मचाने से आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये. जबकि जाहिदुल वहां से फरार हो गया. शुक्रवार को पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भी ले गयी थी, लेकिन डॉक्टर के न होने की वजह से जांच नहीं हो सकी. शनिवार को उसकी मेडिकल जांच करायी गयी.
इस घटना को लेकर एनजेपी थाना के इंस्पेक्टर अनिर्वाण भट्टाचार्य ने कहा कि आरोपी युवक जाहिदुल अली पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है. आरोपी शांतिपाड़ा में ही पीड़िता के पड़ोस में रहता है. पोस्को कानून के तहत थाने में एफआईआर दर्ज किया गया है. जाहिदुल को रविवार को जलपाईगुड़ी कोर्ट में पेश किया जायेगा.
