पुलिस ने निषेधाज्ञा के चलते रुकवायी विजय रैली

इस तरह भाजपा के असर को नहीं किया जा सकेगा कम : भाजपा बालुरघाट : दक्षिण दिनाजपुर जिले की एकमात्र लोकसभा सीट बालुरघाट से भाजपा की जीत को लेकर जिले में जगह जगह विजय रैली निकाली जा रही है. इसी क्रम में शुक्रवार को अमृतखंड ग्राम पंचायत अंतर्गत कामरपाड़ा में भी विजय रैली की अनुमति […]

इस तरह भाजपा के असर को नहीं किया जा सकेगा कम : भाजपा

बालुरघाट : दक्षिण दिनाजपुर जिले की एकमात्र लोकसभा सीट बालुरघाट से भाजपा की जीत को लेकर जिले में जगह जगह विजय रैली निकाली जा रही है. इसी क्रम में शुक्रवार को अमृतखंड ग्राम पंचायत अंतर्गत कामरपाड़ा में भी विजय रैली की अनुमति देने के बाद अचानक प्रशासन द्वारा इलाके में धारा-144 लागू कर देने से भाजपा खेमे में क्षोभ देखा गया.
भाजपा के स्थानीय नेतृत्व का आरोप है कि विजय रैली की अनुमति प्रशासन से ले ली गयी थी. लेकिन उसके बावजूद धारा-144 लागू कर रैली को रुकवा दिया गया. यह सरासर अन्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. हम लोग इसका विभिन्न तरह से प्रतिवाद करेंगे.
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को विजय रैली के लिये स्थानीय प्रशासन और पुलिस से अनुमति ली गयी थी.उसके बाद शुक्रवार की सुबह 10 बजे से कामारपाड़ा के दलीय कार्यालय में भाजपा समर्थकों का जमावड़ा लगना शुरु हुआ. बाजे-गाजे के साथ समर्थक एक दूसरे को अबीर लगाकर विजय की मुबारकबाद दे रहे थे.
इस बीच बालुरघाट थाना से आईसी जयंत दत्त और डीएसपी मुख्यालय धीमान मित्र व डिप्टी मजिस्ट्रेट वृत्त लेप्चा के नेतृत्व में विशाल पुलिस बल पहुंचा. उसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरु हुई. भाजपा के नेता पुलिस अधिकारियों से सवाल कर रहे थे कि जब प्रशासन व पुलिस ने रैली की अनुमति दे दी थी तो फिर ऐन वक्त पर उसे रोकने के पीछे क्या तुक है. इसको लेकर वहां कुछ देर तक तनाव रहा. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल भेजकर हालात को नियंत्रित किया गया.
कामारपाड़ा के भाजपा नेता बाप्पा शील ने बताया कि विजय रैली के लिये पुलिस व सदर महकमा प्रशासन से अनुमति ली गयी थी. लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस ने रैली को रुकवा दिया. हम लोग रैली नहीं कर सकें इसके लिये वहां अतिरिक्त पुलिस कुमुक भी भेजी गयी. बाप्पा शील ने कहा कि इस तरह रैली और सभाओं पर रोक लगाकर भाजपा के प्रभाव को रोका नहीं जा सकेगा. इसको लेकर वृहद आंदोलन किया जायेगा.
वहीं, डीएसपी सदर धीमान मित्र ने बताया कि भाजपा की विजय रैली निकलने वाली थी. लेकिन उन्होंने उसे रोक दिया है. कहीं से किसी तरह की अशांति की खबर नहीं है. हालांकि आखिर किस वजह से अंतिम समय में रैली रुकवायी गयी इसका जवाब वह नहीं दे सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >