प्रमाणपत्र मिलने में देरी के चलते सांसद नहीं हो पाये शामिल
सिलीगुड़ी : दार्जिलिंग लोकसभा सीट पर भाजपा की लगातार तीसरी बार जीत के बाद शुक्रवार को भाजपा के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला कमेटी के साथ महिला मोर्चा तथा युवा शाखा ने संयुक्त रूप से विजय जुलूस का आयोजन किया. इस दौरान वीनस मोड़ इलाके में जमकर आतिशबाजी की गयी और जय श्रीराम के नारे लगाये गये. जीत की खुशी में लोगों के बीच लड्डू बांटे गये. दार्जिलिंग में प्रमाणपत्र मिलने में देरी के कारण नवनिर्वाचित सांसद राजू बिष्ट इस रैली में शिरकत नहीं कर पाये.
दोपहर में रैली भाजपा कार्यालय जयमुनी भवन से शुरू हुई और हिलकार्ट रोड, सेवक मोड़, सेवक रोड, पानीटंकी मोड़, विधान रोड़ होते हुए वापस वीनस मोड़ पहुंचकर समाप्त हुई. रैली में शामिल बहुत से लोग भगवा वस्त्र धारण किये हुए थे. इस दौरान लोगों ने भगवा गुलाल से होली खेली. इस दौरान संवददाताओं से बात करते हुए भाजपा की सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला कमेटी के अध्यक्ष अभिजीत राय चौधरी ने बताया कि पूरे देश के साथ दार्जिलिंग लोकसभा सीट पर भाजपा ने भारी जीत दर्ज की है. दार्जिलिंग में भाजपा ने नया इतिहास रचा है. अब जनता भाजपा के साथ है, यह स्पष्ट हो गया है. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द भाजपा सिलीगुड़ी नगर निगम तथा महकमा परिषद पर अपना कब्जा करेगी.
उन्होंने कहा, ‘अब सिलीगुड़ी समेत पूरे बंगाल के लोगों को तृणमूल की ज्यादती से आजादी मिल गयी है. इसी खुशी को मनाने के लिए हजारों लोगों की भीड़ इस महारैली में उमड़ी है.’ अभिजीत राय चौधरी ने कहा कि बताया कि सभी लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव जीतने के बाद उम्मीदवारों को रात में ही प्रमाणपत्र दे दिया गया, लेकिन दार्जिलिंग में देरी किये जाने के कारण राजू बिष्ट रैली में शामिल नहीं हो पाये.
