कोलकाता /सिलीगुड़ी : पीएम नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश, कोलकाता व सिलीगुड़ी की चुनावी सभाओं में कांग्रेस व तृणमूल कांग्रेस पर जम कर निशाना साधा. कांग्रेस के घोषणा पत्र को ढकोसला पत्र करार देते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के बीच मैं मजबूत दीवार बनकर खड़ा हूं. कांग्रेस की साजिशों को कभी कामयाब नहीं होने दूंगा.
दावा किया कि कांग्रेस के ढकोसला पत्र की एक्सपायरी डेट पहले से ही तय है और वह तारीख है 23 मई. इसी दिन चुनाव का परिणाम आयेगा. कांग्रेस के घोषणापत्र की आलोचना करते हुए कहा कि उसमेें आफस्पा की समीक्षा की बात है. यदि ऐसा हुआ, तो सैनिक कमजोर होंगे. आतंक के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों के लिए यह कानून ढाल है. मेरे कार्यकाल में कितना काम हुआ, यह तो जनता जानती है. हालांकि, पांच साल में यह भी साबित हुआ कि मैं हर चुनौती को चुनौती देने वाला इंसान हूं.
एयरस्ट्राइक हुआ पाक में, पीड़ा ‘दीदी’ को हुई : एयर स्ट्राइक पर सवाल को लेकर भी उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी व अन्य विपक्षी नेताओं को घेरा.कहाकि सेना की कार्रवाई से जितना दर्द पाकिस्तान में महसूस किया गया, उससे ज्यादा दर्द कोलकाता में दीदी ने महसूस किया. मोदी ने कहा कि सर्जिकल हो, एयर स्ट्राइक या फिर अंतरिक्ष में सैटेलाइट स्ट्राइक. महाशक्ति की तरफ बढ़ते भारत के कदम को दुनिया गर्व से देख रही है, लेकिन अपने देश के ही कुछ लोग स्ट्राइक का सबूत कौन मांग रहे थे. जनता जवाब देगी.
