स्वतंत्रता सेनानी के परिवार पर किया गया हमला
छात्रा व उसकी मां को फिलहाल बाहर भेजा गया
भाई ने लगाया लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप
तृणमूल ने कहा: भाजपा ने लोगों को हमले के लिए उकसाया
सिलीगुड़ी : पुलवामा आतंकी हमले को लेकर सोशल मीडिया साइट पर अपना मत प्रकट करना करना स्वातंत्रता सेनानी परिवार के सदस्य को भारी पड़ गया. स्वतंत्रता सेनानी की पुत्रवधू व पोती को लोगों के आक्रोश के कारण घर छोड़ना पड़ा. पुलिस उनके घर को सुरक्षा दे रही है. स्थानीय वार्ड पार्षद भी लगातार निगरानी रख रहे हैं. इस घटना को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गयी है. विरोधियों ने एक-दूसरे पर दोषारोपण शुरू कर दिया है.
रविवार देर रात यह घटना सिलीगुड़ी नगर निगम के 37 नंबर वार्ड निवासी देवलीना विश्वास के साथ घटी है. देवलीना उत्तरबंग विश्वविद्यालय की द्वितीय वर्ष की छात्रा है. उनके दादाजी पृथिंद्र प्रसाद विश्वास स्वतंत्रता सेनानी थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को देवलीना विश्वास ने पुलवामा हमले को लेकर फेसबुक पर अपना मंतव्य किया. वह पोस्ट सिलीगुड़ी से सटे माटीगाड़ा स्थित टाउनशिप निवासी एक दंपती ने देखा. पोस्ट से आक्रोश में आकर दंपति ने दल-बल के साथ रविवार देर रात देवलीना के घर पर चढ़ाई कर दी. घर में काफी तोड़-फोड़ की गयी. जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और देवलीना सहित उसके पूरे परिवार को हिफाजत में लिया.
देर रात करीब एक बजे देवलीना को उसके ननिहाल जलपाईगुड़ी भेज दिया गया. उसके साथ उसकी मां भारती विश्वास भी चली गयीं. घर की सुरक्षा में देवलीना का भाई देवर्षि विश्वास रह गया. देवर्षि ने बताया कि उनके दादाजी स्वतंत्रता सेनानी थे. फेसबुक पोस्ट में देवलीना ने देश के विरूद्ध कुछ नहीं कहा. उसके कथन को तोड़-मरोड़ कर सबके सामने पेश किया और इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया. लोकतांत्रिक देश में निवास करने के बाद भी हमे अभिव्यक्ति की आजादी नहीं है. देश में लोकतंत्र नहीं है, ऐसा सिर्फ सुना था, अब देख लिया. देवलीना के घर की सुरक्षा में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है.
इस घटना को लेकर स्थानीय तृणमूल वार्ड पार्षद रंजनशील शर्मा ने सीधे भाजपा पर गोला दागा है. उन्होंने कहा कि देवलीना ने फेसबूक पर क्या पोस्ट किया वह जांच का मामला है. पुलिस इसकी जांच करेगी. इसके लिए पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत की गयी है. लेकिन फेसबुक पोस्ट को लेकर इस तरह किसी के भी घर पर हमला करना उचित नहीं. इस घटना के पीछे भाजपा का हाथ है. भीड़ में भाजपा के कई नेताओं को देखा गया है. जय श्रीराम के नारे भी लगाये गये. हमले में शामिल भाजपा नेताओं को चिह्नित किया जा चुका है. सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.
वहीं रंजन शील शर्मा के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सिलीगुड़ी जिला भाजपा अध्यक्ष अभिजीत राय चौधरी ने कहा कि पार्षद रंजन शील शर्मा देश के पक्ष में या विपक्ष में खड़े होंगे, यह तय कर लें. पुलवामा हमले के बाद पूरे देश का माहौल अतिसंवेदनशील है. पोस्ट को लेकर उत्तेजित लोगों ने देवलीना के घर पर हमला बोला है, जिससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है. यदि पार्षद ने भाजपा के नेताओं को चिह्नित किये हैं तो नाम को सामने लायें.
