दिनहाटा : आबादी और शिक्षण संस्था वाले इलाके में शराब की दुकान खोले जाने के खिलाफ महिलाओं ने अपना मोरचा जारी रखा है. गुरुवार को उन्होंने बाइपास शराब विरोधी संग्राम कमेटी के बैनर तले दिनहाटा नगरपालिका के चेयरमैन और एसडीओ को अलग अलग ज्ञापन सौंपे. ज्ञापन में शराब की दुकान खोले जाने का कड़ा विरोध किया गया है. उल्लेखनीय है कि महिलायें संगठित होकर शराब की दुकान खोले जाने का पिछले दो सप्ताह से अभियान चला रही हैं.
इसके लिये प्रदर्शन के अलावा दो दो बार पथावरोध भी कर चुकी हैं. ंदोलनकारी कना दास, राखी बर्मन, स्वप्ना बर्मन व अन्य ने बताया कि शराब की दुकान खोलकर यहां का सामाजिक माहौल खराब करने की साजिश रची जा रही है. लेकिन वे लोग इस साजिश को सफल नहीं होने देंगे. उल्लेखनीय है कि इस इलाके में एक तरफ प्राथमिक विद्यालय है तो दूसरी ओर दिनहाटा कॉलेज है.
महिलाओं का कहना है कि अगर शराब की दुकान को स्थायी रुप से बंद नहीं किया जाता है तो वे वृहद आंदोलन करेंगी. दिनहाटा नगरपालिका के चेयरमैन एवं विधायक उदयन गुहा ने बताया कि शराब की दुकान का लाइसेंस नगरपालिका ने नहीं दिया है. लेकिन संबंधित विभाग इस मामले की जांच करेगा. वहीं, दिनहाटा के एसडीओ पीयूष गोस्वामी ने बताया कि महिलाओं की मांग शीर्ष अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया है.
