जलपाईगुड़ी : प्रधानमंत्री व सीजेआइ कर सकते हैं सर्किट बेंच का लोकार्पण
जलपाईगुड़ी : कलकत्ता हाईकोर्ट के सर्किट बेंच को चालू करने को लेकर भाजपाऔर तृणमूल नेतृत्व के बीच होड़ ने एक नया मोड़ लिया है. गुरुवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकुल राय ने इस बात का दावा किया है कि सर्किट बेंच का उद्घाटन केंद्र के मंत्री और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश करेंगे. वहां राज्य […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
जलपाईगुड़ी : कलकत्ता हाईकोर्ट के सर्किट बेंच को चालू करने को लेकर भाजपाऔर तृणमूल नेतृत्व के बीच होड़ ने एक नया मोड़ लिया है. गुरुवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकुल राय ने इस बात का दावा किया है कि सर्किट बेंच का उद्घाटन केंद्र के मंत्री और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश करेंगे. वहां राज्य सरकार के प्रतिनिधि बतौर अतिथि उपस्थित रह सकते हैं. वहीं तृणमूल के जिलाध्यक्ष सौरभ चक्रवर्ती ने कहा कि सर्किट बेंच का अनुमोदन बहुत पहले 2006 में ही केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कर दिया है.
अब केवल राष्ट्रपति के अध्यादेश की जरूरत है. भाजपा के सूत्र के अनुसार जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी के चुड़ाभंडार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आठ फरवरी को जनसभा करने वाले हैं. इस बीच केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सर्किट बेंच चालू करने को लेकर अनुमोदन कर दिया है. भाजपा इसी मुद्दे को लेकर लोकसभा चुनाव में अपनी बढ़त बनाना चाहती है.
वहीं सर्किट बेंच के बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पूरा श्रेय खुद अपनी सरकार और तृणमूल के खाते में डालना चाहती हैं. इससे इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है.
वहीं मुकुल राय ने बताया कि सर्किट बेंच के उद्घाटन के मौके पर केंद्र सरकार, केंद्रीय कानून मंत्री और सुप्रीम कोर्ट बेंच का उद्घाटन करेंगे. वहां राज्य के मंत्री अतिथि के रूप में उपस्थित हो सकते हैं.
उन्होंने कहा कि सर्किट बेंच चालू करने के अलावा भारत-बांग्लादेश के बीच तेंतुलिया कोरिडोर से होकर दोनों देशों के बीच आवागमन, हल्दीबाड़ी-चिलाहाटी रेल मार्ग और फोर लेन का भी उद्घाटन प्रधानमंत्री कर सकते हैं.
सौरभ चक्रवर्ती ने बताया कि सर्किट बेंच चालू करने की मांग को लेकर तृणमूल नेतृत्व जलपाईगुड़ी स्टेशन रोड में अस्थायी परिसर के सामने धरना दे रहा है. बीते 24 दिनों से यह धरना कार्यक्रम सर्किट बेंच चालू करने की मांग को लेकर चलाया जा रहा है.