सिलीगुड़ी. एक और जहां राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दार्जिलिंग दौरे पर हैं,वहीं दूसरी ओर गोजमुमो के भूमिगत नेता विमल गुरंग ने आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा तथा एनडीए के समर्थन की घोषणा की है.मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इन दिनों चार दिवसीय उत्तर बंगाल दौरे पर हैं. सोमवार को सिलीगुड़ी के कंचनजंघा स्टेडियम में उत्तरबंग उत्सव का उद्घाटन करने के बाद व सीधे दार्जिलिंग रवाना हो गई.
इसी बीच विमल गुरुंग के करीबी रोशन गिरि ने मीडिया को एक प्रेस बयान जारी कर आने वाले लोकसभा चुनाव में एनडीए के समर्थन की घोषणा की है. फिलहाल दार्जिलिंग से भाजपा के सांसद एसएस आहलूवालिया हैं. करीब दो साल दार्जिलिंग में गोरखालैंड आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के बाद से विमल गुरूंग तथा उनके निकट सहयोगी रोशन गिरि भूमिगत हैं.
किसी अज्ञात स्थान से रोशन गिरि ने मीडिया को बयान जारी किया है. उन्होंने इस दौरान जीटीए के कार्यकारी चीफ तथा अपने पूर्व सहयोगी रहे विनय तमांग पर भी जमकर हमला बोला है. श्री गिरि ने कहा है कि विनय तमांग गोजमुमो के कोई नहीं हैं. राज्य सरकार तथा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनको जीटीए चीफ बनाया है.
वह एक तरफ से राज्य सरकार की नौकरी कर रहे हैं. पार्टी के सेंट्रल कमिटी ने 1 सितंबर 2017 को ही उनको पार्टी से निकाल दिया है. गोजमुमो की ओर से विनय तमांग को कोई प्रेस बयान जारी करने तक का अधिकार नहीं .है ऐसे में वह भला कैसे आने वाले लोकसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे के समर्थन की बात कर सकते हैं.
श्री गिरी ने आगे कहा है कि विनय तमांग मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा तृणमूल कांग्रेस के इशारे पर काम कर रहे हैं. गोजमुमो एनडीए की घटक दल है. स्वभाविक रूप से आने वाले लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी भाजपा तथा एनडीए का समर्थन करेगी .
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर उनका पूरा भरोसा है. वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के समय जब नरेंद्र मोदी यहां आए थे तो उन्होंने गोरखाओं का सपना मेरा सपना होने की बात कही थी. उम्मीद है नरेंद्र मोदी एक बार फिर से देश के प्रधानमंत्री बनेंगे और गोरखाओं का सपना साकार करेंगे.
इसके साथ ही उन्होंने बजट सत्र में 11 गोरखा जातियों को जनजाति का दर्जा दिए जाने संबंधी बिल भी संसद में पेश होने की उम्मीद जाहिर की. यहां यह बता दें कि कल ही विनय तमांग ने आने वाले लोकसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे के समर्थन की बात कही थी.
