दरवाजा तोड़कर पुलिस ने बरामद किया शव
जलपाईगुड़ी : एक गृहस्वामिनी की हत्या से जलपाईगुड़ी के ओल्ड पांडापाड़ा इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतका का नाम गोपा शर्मा (58) है. वह पेशे से जीवन बीमा कंपनी में चतुर्थ श्रेणी की कर्मचारी थी. घर में काम करनेवाली महिला के बयान के अनुसार शुक्रवार रात को दो युवकों ने कमरा किराये पर लिया था. इसके बाद सुबह से उनलोगों का कोई अतापता नहीं मिला.
शनिवार दोपहर तक गोपा शर्मा के कमरे का दरवाजा बंद रहने से पड़ोसियों को शक हुआ. उनलोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो अंदर शव पड़ा था. सिर पर गहरे चोट के निशान देखकर पुलिस ने अनुमान लगाया कि उसकी हत्या की गयी है. पूछताछ के लिए पुलिस ने घर पर काम करनेवाली महिला को हिरासत में लिया है. कोतवाली थाना आईसी विश्वाश्रय सरकार ने बताया कि आरोपी दोनों युवकों की खोज जारी है. मामले की छानबीन चल रही है.
जानकारी मिली है कि पति के बाद एकमात्र बेटी की भी मौत हो जाने से महिला घर पर अकेली रहती थी. पति की मौत के बाद बीमा कंपनी में उसे नौकरी मिली. पड़ोसियों का आरोप है कि महिला का कई पुरुषों के साथ संबंध था. नौकरानी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात साढ़े दस बजे दो युवक मकान किराये पर लेने आये. शायद उन दोनों को उसकी मालकिन पहले से पहचानती थी. गोपा शर्मा ने उन्हें दूसरी मंजिल पर कमरा दे दिया. इसके बाद नौकरानी अपने घर चली गयी.
सुबह काफी बुलाने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को इसकी सूचना दी. पुलिस मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर गयी तो देखा महिला खून से लथपथ सीढ़ी पर गिरी हुई है. कमरे के अंदर शराब की बोतले व ग्लास फैला पड़ा था. अनुमान है कि शराब पिलाकर पहले उसका गला घोंटा गया फिर सिर पर वार कर हत्या की गयी है. घटना के बाद हत्यारा फरार हो गया.
