कालियागंज. कालियगंज के हरिहरपुर नसीरहाट सावर्जनीन दुर्गापूजा पंडाल में इसबार सुदूर अफ्रीकी जनजातीय संस्कृति की झलक मिलेगी. नसीरहाट दुर्गापूजा कमेटी का यह 49वां वर्ष है. इसे स्मरणीय बनाये रखने के लिए क्लब की ओर से कुछ अलग करने की चाह से कमेटी ने पूजा पंडाल में अफ्रीका की झलक दिखाने पर काम किया है.
यहां अफ्रीकी बेंजो नृत्य के साथ ही भारतीय जनजातीय नृत्य भी प्रस्तुत किये जायेंगे. पूजा कमेटी के सचिव स्वपन कुमार सरकार ने बताया कि इसबार का दुर्गापूजा जिले में अपना विशेष स्थान बना लेगा. श्री सरकार ने बताया कि हर साल कालियागंज के हरिहरपुर नसीरहाट का दुर्गापूजा कुछ अलग करने की कोशिश करता है. उन्होंने कहा कि अफ्रीका की संस्कृति के साथ भारत की प्राचीन संस्कृति के एक आश्चर्यजनक मेल को दर्शाया जायेगा.
पंडाल निर्माण में व्यस्त कारीगर बटुका भैरव चौधरी ने बताया पुराने टायर, टीना व थर्मोकोल को जोड़कर पंडाल बनाया गया है. यह काम पिछले दो महीनों से चल रहा है. इससे जिले के हस्तशिल्प को भी अपनी कला दिखाने का भी एक अच्छा मंच मिल गया. पंडाल में अफ्रीका के साथ ही भारतीय जनजातीय संस्कृति की झलकिया भी देखने को मिलेगी.
मेटेली के बाजार में दिखी दुर्गापूजा की रौनक
मालबाजार. ज्यादातर चाय बागानों में बोनस भुगतान हो जाने से रविवार को मेटेली के बाजार में काफी रौनक रही. खासकर कपड़ों व जूतों की दुकानों में भीड़ उमड़ पड़ी. भीड़ को देखते हुए रविवार के साप्ताहिक हाट में पुलिस व सिविक पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गयी. लोगों ने जमकर दुर्गापूजा की खरीददारी की. चाय बागान से घिरे मेटेली बाजार जिला परिषद हाट रविवार का साप्ताहिक हाट है.
संलग्न चाय बागानों से भारी संख्या में लोग हाट पहुंचे. मेटेली के ज्यादातर चाय बागानों में बोनस का भुगतान हो चुका है. इसके साथ ही मेटेली बाजार में दुर्गापूजा की खरीददारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. इसे देखते हुए बाजार में पुलिस गश्ती बढ़ा दी गयी है. डंकंस के किलकोट, नागेश्वरी व सामसिंग चाय बागान को छोड़ बाकी सभी चाय बागानों में बोनस का भुगतान हो चुका है. इस डुआर्स के इस हाट में काफी रौनक दिखी.
खोरीबाड़ी में पुलिस ने जारी किया पूजा गाइड मैप
खोरीबाड़ी. खोरीबाड़ी पीडब्ल्यूडी स्थित कम्युनिटी हॉल में रूरल ट्रैफिक की ओर से आयोजित ‘सेफ ड्राइव सेव लाइफ’ कार्यक्रम में पूजा गाइड मैप का लोकार्पण किया गया. कार्यक्रम में डीएसपी (रूरल) प्रवीर मंडल, एडिशनल एसपी हरेकृष्ण पाई, सीआइ नक्सलबाड़ी कल्याण गुरुंग, ट्रैफिक इंस्पेक्टर धीरेन बाग उपस्थित थे.
हरेकृष्ण पाई ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से कहा कि पूजा के दौरान आपलोगों को मैप के हिसाब से चलना है और ‘सेफ ड्राइव सेव लाइफ’ को मानना है. कार्यक्रम में पुलिस के पदाधिकारियों ने गरीबों में फल और कपड़े बांटे. इस कार्यक्रम में सिलीगुड़ी लायंस क्लब के सहयोग से एक नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में खोरीबाड़ी ओसी शमिक चटर्जी, ट्रैफिक एसआइ संजीव दत्ता, नक्सलबाड़ी ओसी तपन पाल, फांसीदेवा ओसी संजय दास के साथ-साथ खोरीबाड़ी-नक्सलबाड़ी के पूजा कमिटी सदस्य, पंचायत प्रधान, पंचायत सदस्य, ड्राइवर एसोसिएशन के सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.
मालबाजार: तैयारी जोरों पर
मालबाजार. दुर्गापूजा में अब सिर्फ सप्ताह भर रह गया है. राज्य के अन्य इलाकों की तरह डुआर्स के माल इलाकों में भी पूजा की तैयारी जोरों से चल रही है. मालबाजार, उदलाबाड़ी, मेटेली, नागराकाटा सहित विभिन्न इलाकों में पूजा कमेटियों की व्यस्तता चरम पर है.मालबाजार शहर इलाकों में सार्वजनिक पूजा की संख्या 30 है.
इसके अलावे कई जगहों पर पारिवारिक पूजा का आयोजन होता है. शहर के प्रवेश पथ पर कई बड़े-बड़े पंडाल बन रहे है. एबलुम टैलेंट ऑर्गनाईजेशन क्लब के सदस्य कौशिक घोष ने बताया कि उनके क्लब के पूजा का बजट 2.5 लाख रुपए रखा गया है. सिलीगुड़ी के मूर्तिकार गणेश पाल मूर्ति का निर्माण कर रहे हैं. आदिवासियों की जीवन शैली को पूजा का थीम रखा गया है.
पंडाल मॉडल डेकोरेटर्स पंडाल बनाने का काम कर रहे है.मालबाजार के बड़े पूजाओं में कॉलोनी मैदान दुर्गापूजा भी एक है. इसका बजट लगभग 7 लाख रुपये रखा गया है. यहां अर्द्धगोलाकार के विशेष आकार का पंडाल बनाया जा रहा है. पूजा के दौरान चार दिनों तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इसके साथ ही नव भारत संघ, ऐक्यतान संघ कैल्टेक्स के दो बड़े पूजा का आयोजन होता है.
महिलाओं की पहल पर आनंदपल्ली पूजा कमेटी की पूजा की तैयारी भी जोरों पर है. 10 नंबर वार्ड एवं फॉरवर्ड क्लब महिला पूजा कमेटी इस साल की नयी पूजा कमेटी है. 10 नंबर वार्ड पार्षद सुखदेव दास ने बताया इस साल उनलोगों ने पहली बार दुर्गापूजा का आयोजन किया है. पूजा के उपलक्ष्य पर महालया के दिन स्थानीय व्यॉयेज टाउन अनाथ आश्रम के बच्चों के बीच नये वस्त्र बांटे जायेंगे. षष्टी पूजा के दिन भी वस्त्रदान कार्यक्रम आयोजित होगी. उदलाबाड़ी में पूजाओं की संख्या कम है लेकिन यूनियन क्लब, विधानपल्ली व चेल कलोनी पूजा कमेटी पर सबकी नजर है.
