मिरिक : दार्जिलिंग जिले के मिरिक महकमा क्षेत्र अंतर्गत ओकेटी गांव के वार्ड नंबर तीन स्थित एक घर बुधवार को आग लगने से पूरी तरह खाक हो गया. घर में रखे चार लाख रुपये नकद और चार तोला सोना भी नष्ट हो गया है. कुल मिलाकर करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. हालांकि इसमें जानमाल के किसी नुकसान की सूचना नहीं है.
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े दस बजे घर के मालिक आरपी गौतम कामकाज के सिलसिले में मिरिक गये थे. वहीं उनकी पत्नी चाय बागान में काम करने गयी थीं. इस दौरान अचानक इस घर से धुआं उठने लगा और क्षणभर में ही आग की लपटों में समा गया. ग्रामीणों ने आग को बुझाने की काफी कोशिश, लेकिन नाकाम रहे. घटनास्थल पर पहुंचे मिरिक दमकल विभाग के कर्मियों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सबकुछ तबाह हो चुका था.
घर के मालिक आरपी गौतम के मुताबिक, उन्हें करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. घर में चार लाख रुपये की बड़ी रकम 500-500 और दो-दो हजार के नोटों में रखी थी. आग से ज्यादातर नोट बर्बाद हो गये हैं. पीड़ित व्यक्ति ने सहयोग की गुहार लगायी है.
