जलपाईगुड़ी : केरल में काम करने गये जलपाईगुड़ी जिले के कई श्रमिक बाढ़ में फंस गये है. इनलोगों ने मुख्यमंत्री से मदद की अपील की है. जिले के एक श्रमिक ने मुख्यमंत्री को वीडीओ संदेश भेजा है. इधर जिले के कितने मजदूर किस इलाके में फंसे है, इसकी खोजखबर ली जा रही है. थानाओं को भी सतर्क कर दिया गया है.
जिले के पहाड़पुर ग्राम पंचायत के छलीपाड़ा, वाजित पाड़ा, कालियागंज सहित कई इलाकों के सैंकड़ो श्रमिक काम के लिए केरल के बाढ़ में फंस गये है. ये श्रमिक बाढ़ में बिना भोजन पानी के मुश्किल में फंसे हुए है. इस स्थिति में बड़ी मुश्किल से परिवारवालों के साथ फोन पर संपर्क हो पाता है. परिवार वाले में भारी चिंता में दिन गुजार रहे है. केरल के एक युवक हाफिजुल रहमान ने वीडीओ संदेश के जरिए अपनी स्थिति परिवार वालों को दिखाया. एक मकान की तीसरी मंजिल पर बिना भोजन पानी के किसी प्रकार से जान बचा रहे है.
उनलोगों ने मुख्यमंत्री से मदद की अपील की है. केरल के बाढ़ में सैंकड़ो लोगों की जाने जा चुकी है. ऐसे में अपने परिवार के सदस्यों के लिए लोगों का परेशान होना लाजमी है. सबसे ज्यादा परेशान वह लोग जिनके परिवार के सदस्यों के साथ उनका संपर्क नहीं हो रहा है. उन्हें पता तक नहीं है कि उनके अपने कहां कैसी अवस्था में है. डुआर्स के कई गांवों की ऐसी स्थिति है. यहां लगभग सभी परिवारों से एक या दो सदस्य केरल में काम करते है.
डुआर्स के मजिना खातुन के तीन बेटे इलियास हक, इद्रिस हक व आफताव हक व पोता जावेद अली केरल में कहा किस अवस्था में फंसे है नहीं पता. वहीं अब्दलु रहमान का बेटा मोहम्मद हनीफ की भी कोई खबर नहीं मिल रही है. जलपाईगुड़ी सदर महकमा शासक रंजन दास ने बताया कि उन्होंने सभी ब्लॉक अधिकारियों को खोजखबर लेने का निर्देश दिया है.
कौन केरल के किस गांव में काम करता है इसका पता लगाया जा रहा है. थाने में अबतक कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है. जिला पुलिस अधीक्षक अमिताभ माइती ने बताया कि सभी थानाओं को सतर्क रहने को कहा गया है.
