मालदा : जिला परिषद की सीट को लेकर ‘ रामवाम ‘ पक्ष पहुंचा अदालत

24 नंबर सीट की मतगणना में हेराफेरी के मामले में मुकदमा दर्ज मालदा : पंचायत चुनाव के बाद मतगणना में हेराफेरी का आरोप लगाकर भाजपा और माकपा (रामवाम) ने मिलकर तृणमूल के विजयी प्रत्याशी के खिलाफ मुकदमा दायर किया है. इनका आरोप है कि तृणमूल के प्रत्याशी गौंड़चंद्र मंडल को जिताने के लिये मतगणना के […]

24 नंबर सीट की मतगणना में हेराफेरी के मामले में मुकदमा दर्ज
मालदा : पंचायत चुनाव के बाद मतगणना में हेराफेरी का आरोप लगाकर भाजपा और माकपा (रामवाम) ने मिलकर तृणमूल के विजयी प्रत्याशी के खिलाफ मुकदमा दायर किया है. इनका आरोप है कि तृणमूल के प्रत्याशी गौंड़चंद्र मंडल को जिताने के लिये मतगणना के दौरान हेराफेरी और धांधली की गयी है. वहीं, गौड़चंद्र मंडल का कहना है कि माकपा और भाजपा के पैर के तले से जमीन खिसक गयी है.
इसीलिये उन्होंने एकजुट होकर मुकदमा दायर किया है. ऐसे बेबुनियादी आरोप लगाया है लेकिन कोई लाभ नहीं होगा. आम मतदाताओं ने ही तृणमूल को विजय दिलायी है. इसीलिये एक दूसरे के घोर विरोधी समझे जाने वाले भाजपा और माकपा ने संयुक्त रुप से मुकदमा दायर किया है.
गौड़चंद्र मंडल ने बताया कि माकपा का इलाके में कोई अस्तित्व नहीं है. इसीलिये उन्होंने भाजपा के साथ मिलकर यह मामला किया है. गणना के समय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे. उनके पास मतगणना का पूरा वीडियो फुटेज है. उल्लेखनीय है कि मालदा जिला परिषद की कुल 38 सीटों में से तृणमूल को 29 सीटें मिली हैं. भाजपा को छह सीटें जबकि कांग्रेस को दो सीटें मिली हैं. वामफ्रंट को एक भी सीट नहीं मिली है. एक सीट पर मतदान नहीं हुआ. 24 नंबर सीट के लिये भाजपा के प्रत्याशी अनिल चंद्र मंडल और माकपा के प्रत्याशी रहे मोजफ्फर होसेन. परजित माकपा और भाजपा के प्रत्याशियों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन के सामने ही उनके दलीय एजेंटों को मतगणना केंद्र से बाहर निकाल दिया गया था. उसके बाद इसकी शिकायत जिलाधिकारी और राज्य चुनाव आयोग से की गयी लेकिन जब उसका कोई नतीजा नहीं निकला तो अदालत जाना पड़ा.
रामवाम पक्ष के अधिवक्ता अमिताभ मैत्र ने बताया कि भाजपा और माकपा के प्रत्याशियों ने अदालत में मामला दायर किया है. अदालत ने इसे स्वीकार भी कर लिया है. अदालत में ही यह साबित होगा कि किस तरह मतगणना के दौरान हेराफेरी और धांधली हुई थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >