सिलीगुड़ी : मंगलवार शाम को कटिहार डिवीजन के टीटीआइ एपी गुप्ता ने 15484 सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के कोच एस-1 में तीन यात्रियों को अचेत अवस्था में पाया. उस समय ट्रेन प्राणपुर रोड स्टेशन से गुजर रही थी. श्री गुप्ता ने जल्द ही तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए कटिहार में वाणिज्यिक नियंत्रण को सूचित किया. इसके बाद रेलवे डॉक्टर ने 5.15 बजे बारसोई में ट्रेन के आगमन पर यात्रियों का उपचार किया. प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद सभी यात्रियों को रेलवे कर्मचारियों ने बारसोई सिविल अस्पताल स्थानांतरित कर दिया.
यात्रियों की पहचान सचिन ठाकुर (37), सूरज दोर्जी (47) और ज्योति देवी (23) के रूप में की है. सभी दिल्ली से हसीमारा के लिए एस-1 कोच में बर्थ नंबर 58, 59 और 61 पर यात्रा कर रहे थे. सह-यात्रियों से मिली जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद से ट्रेन में सवार एक अन्य सहयात्री ने रात के दौरान मुगलसराय स्टेशन के पास उन्हें बोतलबंद दूध दिया था, जिसमें नशे की मिलावट थी.
तीन यात्रियों के बेहोश होने के बाद उनका पैसा चोरी कर लिया गया. एनएफ रेलवे के कटिहार डिवीजन के विभागीय अधिकारी ने अस्पताल से छूटने के बाद बारसोई में कविगुरु एक्सप्रेस द्वारा हासीमारा तक अपनी यात्रा के लिए यात्रियों को सभी आवश्यक सहायता और वित्तीय सहायता प्रदान की.
