सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम के 7 नंबर वार्ड स्थित खालपाड़ा इलाके के समसिया हाई मदरसा के ठीक विपरीत 8 नंबर वार्ड के बॉर्डर से सटे इलाके में एक इलेक्ट्रिक पोल पिछले कुछ दिनों से 45 डिग्री के एंगल में खड़ा है.
हर वक्त उस इलाके के लोग किसी अनहोनी की आशंका से आतंक में जीवन गुजार रहे हैं. आरोप है कि इसे लेकर स्थानीय प्रशासन की कोई खास पहल नहीं दिख रही. जिससे इलाके के लोगों में दिन प्रतिदिन रोष बढ़ता जा रहा है.
सिलीगुड़ी का खालपाड़ा एक प्रमुख व्यवसायिक इलाका है. यहां हर वक्त बड़ी-बड़ी गाड़ियों की आवाजाही लगी रहती है.इलाके के लोगों का कहना है कि कुछ दिनों पहले एक ट्रक ने 7 तथा 8 नंबर वार्ड के सीमा पर स्थित इस बिजली पोल में धक्का मार दिया था. तब से ही यह बिजली पोल 45 डिग्री के एंगल में झुका हुआ है. लोगों का कहना है कि इस इलाके के 7 नंबर वार्ड में समसिया हाई मदरसा भी है. जहां हर रोज सैकड़ों बच्चे पढ़ने आते हैं. इसके साथ ही व्यवसायिक इलाका होने के कारण यहां हर वक्त लोगों की भीड़ होती है और विभिन्न गाड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है.इलाके के लोगों का कहना है कि हल्की हवा के झोंके में ही पोल के उखड़ कर गिर जाने की संभावना है. जिससे इलाके में बिजली तो गुल होगी ही साथ ही किसी अनहोनी घटना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है.
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस समस्या से 8 नंबर वार्ड पार्षद खुशबू मित्तल को अनेकों बार बताने के बाद भी कोई लाभ नहीं हुआ. जिससे लोगों में दिन प्रतिदिन रोष बढ़ रहा है. इस मामले को लेकर जब वार्ड पार्षद खुशबू मित्तल से बात की गयी तो उन्होंने पोल के झुके होने की बात को माना.
समस्या उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले एक ट्रक ने उस पोल में धक्का मारा था. पता चलते ही उन्होंने इसकी शिकायत बिजली विभाग में की थी. जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया. उसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुयी है. उसके बाद भी बिजली विभाग को इस बात की जानकारी दी गयी है.
