सिलीगुड़ी : राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कौशल विकास पर पूरा जोर है. इस वर्ष राज्य सरकार तकनीकी शिक्षा पर 781 करोड़ रुपये खर्च कर रही है. शनिवार को सिलीगुड़ी के मल्लागुड़ी स्थित एक होटल में सीआईआई (कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज) तथा उत्तर बंगाल विकास विभाग की ओर से आयोजित नॉर्थ बंगाल स्किल कॉन्क्लेव में राज्य के उद्योग मंत्री पूर्णेंदु बसु ने यह बात कही. उत्तर बंगाल में उद्योग के विकास और यहां के युवाओं के व्यावसायिक हुनर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था.
इस कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी शिक्षा प्रतिष्ठानों के साथ कई बड़े-छोटे उद्योगों के कर्णधार उपस्थित थे. अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि हर देश के आर्थिक तथा समाजिक विकास में ज्ञान व कौशल का महत्वपूर्ण योगदान होता है. उद्योग- धंधे के क्षेत्र में बंगाल किसी से पीछे नहीं है. यहां भी कई उद्योग राष्ट्रीय महत्व के हैं.
उन्होंने बताया कि इस औद्योगीकरण को और ज्यादा बढ़ावा देने के लिए राज्य की मुख्यमंत्री लगातार प्रयास कर रही हैं. इसके तहत राज्य सरकार इस वर्ष तकनीकी शिक्षा पर 781 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं.
उन्होंने बताया कि राज्य के 2700 हाईस्कूलों को विभिन्न प्रोफेशनल ट्रेनिंग कोर्सों को करवाने के लिए चुना गया है. श्री बसु ने बताया कि गुजरात के बाद बंगाल को व्यापार, मैन्युफेक्चरिंग के क्षेत्र में दूसरा स्थान प्राप्त है. इसी के साथ उन्होंने सीआईआई के साथ विभिन्न आईटीआई व आईआईटी को भी धन्यवाद दिया.
कार्यक्रम के दूसरे चरण में कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों नें मंत्री से विभिन्न विषयों पर सवाल जवाब भी किया. कार्यक्रम में सीआईआई के नॉर्थ बंगाल के चेयरमैन कमल किशोर तेवारी के साथ राज बसु, पीडी भूटिया व अन्य उपस्थित थे.
