जलपाईगुड़ी : फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट डालने के आरोप में भाजपा युवा मोर्चा के सचिव व आइटी प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी सुमित चक्रवर्ती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता विकास बसाक ने भाजपा युवा मोर्चा नेता सुमित चक्रवर्ती के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी. शिकायत में उन्होंने कहा है कि भाजपा नेता सोशल मीडिया पर भड़काऊ लेख डाल रहे हैं, जिससे सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न हो सकता है.
विदित हो कि धूपगुड़ी में एशियन हाइवे के निर्माण के लिए सौ साल पुराना हनुमान मंदिर को तोड़े जाने के खिलाफ सुमित चक्रवर्ती ने फेसबुक पर पोस्ट किया था. इस आरोप में सोमवार की रात रायकतपाड़ा निवासी समित चक्रवर्ती को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. धूपगुड़ी ट्रैफिक मोड़ से हनुमान मंदिर को राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन ने तोड़ डाला. भारत-भूटान बॉर्डर जयगांव से चेंगड़ाबांधा तक सार्क रोड बन रहा है. इसके लिए धूपगुड़ी ट्रैफिक स्थित प्राचीन मंदिर को तोड़ना पड़ा. इसपर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है. फेसबुक पर कई लोगों ने मंदिर तोड़ने की निंदा की. सुमित चक्रवर्ती ने भी एक पोस्ट किया. कोतवाली थाना पुलिस ने 153 ए एवं 255 धारा में समित के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
सुमित चक्रवर्ती ने बताया कि उसने कुछ गलत नहीं लिखा है. भाजपा जिला युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष श्याम प्रसाद ने कहा कि सुमित भाजपा आइटी सेल प्रकोष्ठ का प्रभारी है. उसकी अगुवायी में जिले से दो सौ कार्यकर्ताओं ने अमित शाह के कार्यक्रम में जाने की योजना बनायी है. इस कार्यक्रम को रद्द करने के लिए यह एक साजिश है.
कोतवाली पुलिस के थाना प्रभारी बी राय सरकार ने कहा कि शिकायत के आधार पर आज चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया. पश्चिम बंगाल सरकार सोशल मीडिया पर डाली जाने वाली फर्जी खबरों एवं पोस्टों के खतरे निपटने के लिए एक नये कानून पर काम कर रही है. देश के कई राज्यों में पोस्टों से उत्पन्न होने वाली अशांति की पृष्ठभूमि में यह कदम उठाया गया है. राज्य की सीआइडी ने पिछले साल जुलाई में भाजपा के आइटी प्रकोष्ठ के सचिव तरूण सेनगुप्ता को भी सोशल मीडिया पर फर्जी तस्वीरें तथा वीडियो डोलने के आरोप में गिरफ्तार किया था.
